Breaking News: आज की बड़ी खबरें 27 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 27 April 2025 10:45 AM IST
पहलगाम आतंकी हमले की जांच एनआईए के हवाले, साक्ष्य जुटाने में जुटी टीमें
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अपने हाथ में ले ली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के बाद एनआईए ने इस मामले में औपचारिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पहलगाम में मंगलवार को हुए इस आतंकी हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
- 27 April 2025 10:41 AM IST
सिरसा साइक्लोथान 2.0 का समापन, सीएम सैनी बोले- 'धाकड़ हरियाणा नशे के खिलाफ एक दीवार बनकर खड़ा हो गया है'
हरियाणा सरकार की नशा मुक्ति पहल के तहत शुरू हुई साइक्लोथान 2.0 के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच से नशे के खिलाफ एकजुट होने की सलाह प्रदेशवासियों की दी। उन्होंने दावा किया कि ये एक सामाजिक आंदोलन है जिसने लोगों को जागरूक किया है। यह अभियान 5 अप्रैल को हिसार से शुरू हुआ था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज सिरसा में हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथान को रवाना किया। यह यात्रा सिरसा से शुरू होकर ओढ़ा में समाप्त हुई। इस अभियान में 50 हजार से ज्यादा साइकिल सवार हिस्सा लिया, जिनमें युवा, बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल थे। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
- 27 April 2025 10:30 AM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो प्रोग्राम मन की बात का 121वां एपिसोड प्रसारित होगा आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात रेडियो कार्यक्रम का आज 121वां एपिसोड प्रसारित होगा। पीएम मोदी ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है। हर महीने के आखिरी रविवार को प्रधानमंत्री देशवासियों को समसामयिक विषयों की जानकारी देते हैं और मूल समस्याओं की ओर बेहद सामान्य तरीके से ध्यानाकर्षित कराते हैं। अप्रैल माह के आखिरी रविवार यानी 27 अप्रैल को पीएम मोदी एक बार फिर भारत को संबोधित करेंगे। यह प्रसारण पहलगाम आतंकी हिंसा के बाद हो रहा है, सो उम्मीद है कि उस पर भी प्रधानमंत्री अपने विचार रख सकते हैं। साथ ही बढ़ती गर्मी को लेकर भी टिप्स दे सकते हैं। पिछले एपिसोड में उन्होंने योग दिवस काउंटडाउन की बात की थी।
- 27 April 2025 10:28 AM IST
ढाका में अवामी लीग के 56 नेता गिरफ्तार, फ्लैश जुलूस निकालने का आरोप
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले सप्ताह के दौरान चलाए गए अभियानों में बांग्लादेश की प्रतिबंधित छात्र लीग और अवामी लीग से जुड़े अन्य सहयोगी संगठनों के 56 नेताओं और कार्यकर्ताओं को ढाका में गिरफ्तार किया गया। यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश ने ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के हवाले से बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 19 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच कई टीमों ने अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप ये गिरफ्तारियां हुईं।
- 27 April 2025 10:07 AM IST
देश और सैनिकों की सुरक्षा से कोई भी समझौता माफी के योग्य नहीं- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश और सैनिकों की सुरक्षा से कोई भी समझौता माफ़ी के योग्य नहीं है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्पेशल ऑपरेशन्स की लाइव कवरेज की अनुमति क्या एक रणनीतिक लापरवाही थी या फिर ये राजनीतिक प्रचार से प्रेरित थी, ये बात सरकार तत्काल स्पष्ट करे। कल को फिर से सरकार ये कहेगी कि ‘एक चूक के बाद ये दूसरी चूक’ हो गई।
- 27 April 2025 9:52 AM IST
मुंबई वाकोला में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मुंबई के वाकोला इलाके में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पुलिस ने इस मामले के संबंध में 15 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, वाकोला इलाके में पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में हिंदू संगठन प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान दूसरे समुदाय के लोग वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई तक हो गई।
- 27 April 2025 9:43 AM IST
पहलगाम हमले का गुस्सा, आतंकवाद के खिलाफ मुंबईकर हुए एकजुट
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद लोगों में आक्रोश थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में रविवार को मुंबई के दादर इलाके में सड़क पर उतरकर लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भारी संख्या में लोग शामिल हुए।
- 27 April 2025 9:29 AM IST
पहलगाम आतंकी हमले के बाद से अब तक 9 आतंकियों के घर तबाह, एक्शन मूड में भारतीय सेना
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना सुपर एक्टिव मोड में आ गई है। लगातार आतंकियों के घरों को ध्वस्त करने का सिलसिला जारी है। 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद से अब तक आर्मी ने 9 आतंकवादियों के घर मिट्टी में मिला दिए है। खबर है कि शनिवार रात (27 अप्रैल) से रविवार (27 अप्रैल) सुबह तक चार और घर तबाह कर दिए गए।
- 27 April 2025 9:17 AM IST
बांदीपोरा में सुरक्षाबलों ने सक्रिय आतंकवादी का घर किया ध्वस्त
पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सुरक्षाबलों ने बांदीपोरा के नाज कॉलोनी में सक्रिय आतंकवादी जमील अहमद शीर गोजरी का दो मंजिला घर ध्वस्त कर दिया है। पहलगाम आतंकी हमले में 26 से 28 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद इंडियन आर्मी सुपर एक्टिव मोड में नजर आ रही है।
- 27 April 2025 9:05 AM IST
हरियाणा बनेगा नशा मुक्त- सीएम सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कु हरियाणा के युवाओं ने, बुजुर्गों ने, महिलाओं ने और हर नागरिक ने अब यह ठान लिया है कि हमें नशे को समाप्त करना है और नशा मुक्त हरियाणा बनाना है। मैं आज इस यात्रा के इस पड़ाव पर कहना चाहता हूं कि यह जन जागरण अभियान लगातार चला है। आज इस यात्रा ने नशे कि खिलाफ जन आंदोलन का रूप ले लिया है। हमें हमारा हरियाणा का युवा हृष्ट-पुष्ट चाहिए, न कि नशे में घिरा हुआ चाहिए।
Created On :   27 April 2025 8:00 AM IST