Breaking News: आज की बड़ी खबरें 27 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 27 July 2025 10:05 AM IST
पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित हथियार और ड्रग तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस नेटवर्क के जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की ओर से समर्थित हैंडलर्स भारत में अत्याधुनिक हथियार और ड्रग मनी की तस्करी कर रहे थे।
- 27 July 2025 10:02 AM IST
थाईलैंड-कंबोडिया के बीच संघर्ष जारी, सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव थाई सरकारी मीडिया
थाईलैंड की राष्ट्रीय प्रसारण सेवा ने थाई सेना के सूत्रों के हवाले से बताया कि रविवार तड़के थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर गोलीबारी जारी रही। सिन्हुआ ने स्थानीय प्रसारक के हवाले से बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 6:40 बजे, कंबोडियाई तोप के गोले सुरिन प्रांत में एक नागरिक के घर पर गिरे। स्थानीय समयानुसार सुबह 7:00 बजे तक भारी हथियारों की आवाजें छिटपुट रूप से सुनी जा सकती थीं।
- 27 July 2025 9:51 AM IST
तमिलनाडु सीएम एम. के. स्टालिन आज अस्पताल से होंगे डिस्चार्ज
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिलेगी। इससे पहले, चेन्नई के अपोलो अस्पताल ने बताया था कि उनकी हालत स्थिर है। सीएम स्टालिन ने 26 जुलाई की शाम एक्स पोस्ट में कहा था कि आंदोलन के साथी मैदान में अथक परिश्रम कर रहे हैं, डॉक्टरों के आग्रह के बावजूद, मुझे अस्पताल में आराम करने का मन नहीं कर रहा।
- 27 July 2025 9:41 AM IST
अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता अच्छी तरह बढ़ रही आगे वित्त मंत्री सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता अच्छी तरह आगे बढ़ रही है। उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 1 अगस्त से लागू होने वाले कंट्री-स्पेसिफिक टैरिफ से पहले आई है। राष्ट्रीय राजधानी में एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन, दोनों के साथ व्यापार वार्ता अच्छी तरह आगे बढ़ रही है।
- 27 July 2025 9:32 AM IST
अमरनाथ यात्रा को लेकर भक्तों का उत्साह, सीधे कश्मीर पहुंचकर पंजीकरण कराने वालों की संख्या में इजाफा
अमरनाथ यात्रा को लेकर बाबा बर्फानी के भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जम्मू से सुरक्षा काफिले में यात्रा शुरू करने वाले श्रद्धालुओं की तुलना में अब अधिक श्रद्धालु सीधे कश्मीर पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से पुलिस काफिले के साथ आने वाले यात्रियों की तुलना में दोगुने से अधिक यात्री सीधे कश्मीर के दो बेस कैंप और ट्रांजिट कैंपों में ऑन स्पॉट पंजीकरण के लिए पहुंच रहे हैं।
- 27 July 2025 9:05 AM IST
थाईलैंड-कंबोडिया के बीच संघर्ष जारी, सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव थाई सरकारी मीडिया
थाईलैंड की राष्ट्रीय प्रसारण सेवा ने थाई सेना के सूत्रों के हवाले से बताया कि रविवार तड़के थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर गोलीबारी जारी रही। सिन्हुआ ने स्थानीय प्रसारक के हवाले से बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 6:40 बजे, कंबोडियाई तोप के गोले सुरिन प्रांत में एक नागरिक के घर पर गिरे। स्थानीय समयानुसार सुबह 7:00 बजे तक भारी हथियारों की आवाजें छिटपुट रूप से सुनी जा सकती थीं। हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप से दोनों पक्षों की बातचीत के बाद दावा किया गया कि संघर्ष विराम पर बात सार्थक दिशा में आगे बढ़ गई है।
- 27 July 2025 9:02 AM IST
सीआरपीएफ का 87वां स्थापना दिवस पीएम मोदी बोले- देश की सुरक्षा में अहम योगदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 87वें स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए बल की प्रशंसा की। देश की सुरक्षा में सीआरपीएफ की अटूट भूमिका को स्वीकार करते हुए, पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "सीआरपीएफ के सभी कर्मियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। सीआरपीएफ ने हमारी सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, खासकर आंतरिक सुरक्षा से जुड़े चुनौतीपूर्ण पहलुओं में।"
- 27 July 2025 8:50 AM IST
अमेरिका की चौधराहट खत्म हो चुकी है- अमर बाउरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 प्रतिशत अनुमोदन रेटिंग के साथ मॉर्निंग कंसल्ट ट्रैकर में दुनिया के सबसे विश्वसनीय नेता के रूप में शीर्ष पर हैं। इस पर झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर कुमार बाउरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका की चौधराहट खत्म हो चुकी है।
- 27 July 2025 8:41 AM IST
संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा स्वागतयोग्य- ज्योतिर्मय सिंह महतो
संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा को लेकर भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने स्वागतयोग्य बताया है। उन्होंने कहा कि हर कोई चाहता है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा की जाए। भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा बिल्कुल होनी चाहिए। हर कोई यह चाहता है और यहां तक कि सदन भी यह चाहती है। इस चर्चा में पक्ष और विपक्ष भाग लेंगे। मैं 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा का स्वागत करता हूं, जो लोग 'ऑपरेशन सिंदूर' पर सवाल उठाते हैं, उन लोगों को मिसाइल पर बैठा देना चाहिए और पूछना चाहिए कि कैसा लग रहा है।
- 27 July 2025 8:41 AM IST
शिक्षा मंत्रालय का निर्देश, स्कूलों और छात्रों से संबंधित सुविधाओं का सुरक्षा ऑडिट हो
शिक्षा मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को छात्रों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश जारी किया है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा संहिताओं के अनुसार स्कूलों और बच्चों से संबंधित सुविधाओं का अनिवार्य सुरक्षा ऑडिट, कर्मचारियों और छात्रों को आपातकालीन तैयारियों का प्रशिक्षण और परामर्श एवं सहकर्मी नेटवर्क के माध्यम से मनोसामाजिक सहायता प्रदान करना शामिल है। शिक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सुझाव दिए हैं।
Created On :   27 July 2025 8:00 AM IST