Breaking News: आज की बड़ी खबरें 28 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

- 28 अप्रैल 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 28 April 2025 8:33 AM IST
दिल्ली में गैंगरेप के आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो गैंगरेप के एक सनसनीखेज मामले में वांछित था और गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग भी की। डीसीपी क्राइम हर्ष इंदोरा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जावेद उर्फ पावा उर्फ सनी उर्फ बबलू (उम्र 37 वर्ष), निवासी टैगोर गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई है। वह पश्चिमी जिले के थाना ख्याला का हिस्ट्रीशीटर है और दिल्ली में दर्ज गैंगरेप के एक मामले में वांछित था, जिसमें बंदूक की नोक पर दुष्कर्म किया गया था।
- 28 April 2025 8:26 AM IST
नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे बिहार विधानसभा चुनाव-तारकिशोर प्रसाद
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव हैं और एनडीए पूरी मजबूती के साथ इस चुनाव में उतरने वाली है। नीतीश कुमार एक बार फिर एनडीए के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। रविवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि हम आगामी चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे। चिराग पासवान हमारे गठबंधन का अहम हिस्सा हैं और वह पांच 'पांडवों' में से एक 'पांडव' हैं। हम सभी मिलकर इस महाभारत को जीतेंगे। केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे।
- 28 April 2025 8:11 AM IST
पाकिस्तान समर्थक रुख अपनाने पर 19 गिरफ्तार- असम सीएम
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफार्मों पर कथित ‘पाकिस्तान समर्थक’ रुख के लिए असम में पुलिस ने कम से कम 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। सरमा ने कहा कि रविवार तक 19 लोगों को भारतीय धरती पर रहते हुए पाकिस्तान के समर्थन में बयान देने के लिए जेल में डाला गया है। उन्हें "देशद्रोही" कहते हुए उन्होंने कहा, "कुल 19 राष्ट्रद्रोहियों को सलाखों के पीछे डाला गया है।"
- 28 April 2025 8:02 AM IST
पानी बंद होने पर पाकिस्तान में बिलबिलाहट- केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की गीदड़भभकी पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने तीखा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान का पानी रोकने पर बिलावल को बिलबिलाहट हो गई है। सीआर पाटिल सूरत में जलसंचय कार्यक्रम में सभा को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने जल संचय के महत्व पर जोर दिया। पाटिल ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री द्वारा दी गई धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि पाकिस्तान का पानी बंद कर दिया गया है और इसके बाद बिलावल की बिलबिलाहट शुरू हो गई। वह कह रहे थे कि अगर नदी में पानी नहीं आएगा तो भारत में खून की नदियां बहेंगी।"
Created On :   28 April 2025 8:00 AM IST