Breaking News: आज की बड़ी खबरें 28 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 29 Sept 2025 1:06 AM IST
चेन्नई में टीवीके पार्टी अध्यक्ष और अभिनेता विजय को बम धमकी का मेल, जांच में निकली अफवाह
चेन्नई शहर के नीलनकरै इलाके में टीवीके (तमिलगा वेत्री कझगम) पार्टी के अध्यक्ष और अभिनेता विजय के घर पर बम धमकी से हड़कंप मच गया। विजय को धमकी भरे ईमेल भेजे गए। जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ईमेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की एक टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। बम निष्पादन विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया, जो स्निफर डॉग्स की मदद से विजय के घर का पूरी तरह से जांच-पड़ताल करने लगी। स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
- 29 Sept 2025 12:55 AM IST
विकसित भारत रन में आइसलैंड में भारतीय प्रवासी हुए एकजुट
आइसलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों ने रविवार को रैक्जाविक में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित विकसित भारत रन में भाग लिया। आइसलैंड में भारत के राजदूत आर. रविंद्र ने भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया और उन्हें विकसित भारत की शपथ दिलाई।
- 29 Sept 2025 12:23 AM IST
ऑपरेशन व्हाइट बॉल तिलक वर्मा ने भारत को बनाया एशिया चैंपियन, 5 विकेट से हारा पाकिस्तान
एशिया कप 2025 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हरा दिया है। तिलक वर्मा की बेहतरीन और यादगार अर्धशतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम ने पाकिस्तान को विकेट से हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार एशिया कप का खिताब जीता। तिलक वर्मा ने 53 गेंद पर नाबाद 69 रन बनाया। इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
- 29 Sept 2025 12:00 AM IST
मणिपुर में 4 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद बरामद
सुरक्षा बलों ने रविवार को अलग-अलग जिलों के अलग-अलग अभियानों में दो प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कुछ हथियार और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार उग्रवादियों में से तीन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) समूह से और एक कांगलीपाक पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी (पीआरईपीएके) का कार्यकर्ता है।
- 28 Sept 2025 11:49 PM IST
बिहार को तीन नई अमृत भारत ट्रेनों और चार पैसेंजर ट्रेनों की मिलेगी सौगात, अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी
बिहार को आधुनिक रेल संपर्क के क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता मिलने वाली है। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना जंक्शन से राज्य को सात ट्रेनें समर्पित करेंगे, जिनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- 28 Sept 2025 11:27 PM IST
महाराष्ट्र उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमसी चुनावों पर शिवसेना नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों पर शिवसेना नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं और पार्टी शाखा प्रमुख महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने यह बात बीएमसी चुनावों के संदर्भ में कही।
- 28 Sept 2025 11:12 PM IST
तेलंगाना विधानसभा अध्यक्ष 29 सितंबर को अयोग्यता याचिकाओं पर करेंगे सुनवाई
तेलंगाना विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार बीआरएस द्वारा दलबदलू विधायकों के खिलाफ दायर चार अयोग्यता याचिकाओं के संबंध में सोमवार को सुनवाई करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के 10 दलबदलू विधायकों द्वारा प्रस्तुत किए गए तर्कों की जांच के बाद संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत मुकदमा चलाने का निर्णय लिया।
- 28 Sept 2025 10:51 PM IST
'फ्लाइट लैंड करा दी बुमराह ने', इरफान पठान ने हारिस रऊफ पर कसा तंज
भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में खेले जा रहे एशिया कप फाइनल में जसप्रीत बुमराह ने अपने अंदाज ने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। इसमें पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान भी शामिल हैं।
- 28 Sept 2025 10:32 PM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। इस बात की जानकारी उपराष्ट्रपति कार्यालय के आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट के जरिए दी गई। उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट में लिखा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की।
- 28 Sept 2025 9:50 PM IST
ऑपरेशन व्हाइट बॉल कुलदीप की फिरकी में फंसी पाकिस्तान, खिताब के लिए भारत को मिला 147 का लक्ष्य
दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एशिया कप 2025 के फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए साहिबजादा फरहान की अर्धशतकीय पारी के दम पर पाकिस्तान ने भारत को जीत के लिए 147 रन का लक्ष्य दिया है। भारत के लिए कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी की।
Created On :   28 Sept 2025 8:00 AM IST












