Breaking News: आज की बड़ी खबरें 29 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 29 Aug 2025 8:56 PM IST
बिहार सदाकत आश्रम में विवाद को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा को घेरा
पटना के सदाकत आश्रम को लेकर छिड़े विवाद के बीच कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार और ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वोटर अधिकार यात्रा की लोकप्रियता से घबरा कर भाजपा हमलों और साजिशों का सहारा ले रही है।
- 29 Aug 2025 8:45 PM IST
मराठा आरक्षण की मांग मानी गई तो ओबीसी समाज भी सड़कों पर उतरेगा लक्ष्मण हाके
मराठा आरक्षण को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। मुंबई के आजाद मैदान में मनोज जरांगे अपने हजारों समर्थकों के साथ आरक्षण की मांग को लेकर उतरे हैं। इस बीच ओबीसी समाज के नेता लक्ष्मण हाके ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है कि अगर जरांगे की मांगें मानी गईं, तो ओबीसी समाज भी पूरे राज्य में आंदोलन करेगा।
- 29 Aug 2025 8:24 PM IST
वैष्णी देवी लैंडस्लाइड में बिहार के 5 लोगों की मौत, सीएम नीतीश कुमार ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी रूट पर हुए भूस्खलन में बिहार के 5 लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर संवेदना व्यक्त की है। बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सीएम नीतीश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी में हुए भूस्खलन में समस्तीपुर जिले के रहने वाले 5 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना काफी दुखद है।
- 29 Aug 2025 7:24 PM IST
रक्षा मंत्री और सीएम योगी का नोएडा दौरा, ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का करेंगे निरीक्षण
नोएडा में शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा प्रस्तावित है। यह दौरा सुरक्षा और औद्योगिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों नेता नोएडा सेक्टर-81 स्थित राफी मोहिब ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का दौरा करेंगे। इस यूनिट का नाम देशभर में तेजी से उभरते हुए एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर में जाना जाता है।
- 29 Aug 2025 7:13 PM IST
'आप' पार्टी अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में सरकारी बंगला दिलाने के लिए नए सिरे से करेगी प्रयास
आम आदमी पार्टी (आप) अपने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लुटियंस दिल्ली में केंद्र सरकार के द्वारा आवंटित आवास दिलाने के लिए अपनी लड़ाई तेज करने की तैयारी कर रही है, पार्टी के एक नेता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हालांकि इस मुद्दे से जुड़ा एक मामला आने वाले दिनों में दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष आने की संभावना है। पार्टी नेता ने कहा कि 4 अक्टूबर, 2024 को मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित अपना सरकारी आवास खाली करने के बाद से, केजरीवाल मंडी हाउस के पास पार्टी के एक अन्य सांसद के सरकारी आवास में रह रहे हैं।
- 29 Aug 2025 6:47 PM IST
एक जाति के नेता बनने और महाराष्ट्र को बांटने की कोशिश कर रहे देवेंद्र फडणवीस संजय राउत
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने शुक्रवार को महाराष्ट्र सरकार पर आरक्षण को लेकर पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस पर एक जाति के नेता बनने और महाराष्ट्र को बांटने का काम कर रहे हैं।
- 29 Aug 2025 6:21 PM IST
उपराष्ट्रपति चुनाव बी. सुदर्शन रेड्डी को मिला एनसीपी (एसपी) का समर्थन, शरद पवार ने की घोषणा
देश में उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस बीच शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) ने इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को समर्थन देने का ऐलान किया। इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) बी. सुदर्शन रेड्डी ने शुक्रवार को शरद पवार से मुलाकात की। इसे लेकर शरद पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्हें पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
- 29 Aug 2025 6:06 PM IST
दिल्ली में रह रहे पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों को फिलहाल नहीं हटाया जाएगा, सुप्रीम कोर्ट ने भेजा सरकार को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में रह रहे पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने उन्हें बेदखल करने पर फिलहाल रोक लगा दी है। यह आदेश दिल्ली हाईकोर्ट के 30 मई के फैसले पर रोक लगाते हुए दिया गया, जिसमें शरणार्थियों की याचिका को खारिज कर दिया गया था।
- 29 Aug 2025 5:46 PM IST
हरभजन सिंह ने की एकनाथ शिंदे से मुलाकात, युवाओं को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण देने पर चर्चा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके ठाणे स्थित आवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात क्रीड़ा संग्राम टूर्नामेंट के अवसर पर हुई। हरभजन सिंह क्रीड़ा संग्राम टूर्नामेंट में अतिथि के रूप में ठाणे पहुंचे थे। इस दौरान वह एकनाथ शिंदे से विशेष मुलाकात के लिए उनके ठाणे स्थित आवास पर पहुंचे। मुलाकात के दौरान हरभजन सिंह ने जिले में युवा खिलाड़ियों के लिए श्रेष्ठ सुविधा उपलब्ध कराने और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की।
- 29 Aug 2025 5:31 PM IST
पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी पर आवैसी ने कहा शालीन शब्दों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने दरभंगा में महागठबंधन के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने पर कहा, "शालीन शब्दों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। आप बोलें, विरोध करें, आलोचना करें, जितना चाहें निंदा करें लेकिन अगर आप शालीनता की सीमा पार करते हैं, तो यह गलत है और ऐसा नहीं किया जाना चाहिए। चाहे वह किसी के बारे में भी हो। प्रधानमंत्री की आलोचना करें लेकिन एक बात याद रखें कि अगर आप सीमा पार कर रहे हैं, तो यह सही नहीं है। तब हमारी बहस का विषय गलत और अश्लील होगा। अगर कोई और ऐसा कर रहा है, तो हमें उनकी नकल करने की जरूरत नहीं है।"
Created On :   29 Aug 2025 8:00 AM IST