Breaking News: आज की बड़ी खबरें 30 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 30 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव
30 जून 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 30 Jun 2025 3:24 PM IST

    तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

    तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा है की घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। 

  • 30 Jun 2025 3:05 PM IST

    जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने अमरनाथ यात्रा को लेकर दी प्रतिक्रिया

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमरनाथ यात्रा 2025 पर कहा, "हम आशा करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि यात्रा सफल हो, तीर्थयात्री अच्छी संख्या में आएं, प्रार्थना करें और सुरक्षित वापस जाएं। हमने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। उपराज्यपाल ने दो बैठकों की अध्यक्षता की, एक राजनीतिक दलों के साथ और एक सिविल सोसायटी के साथ। सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं और हम तीर्थयात्रियों के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यात्रा को 2 जुलाई को जम्मू से रवाना किया जाएगा और यहां उनका स्वागत किया जाएगा।"

  • 30 Jun 2025 2:54 PM IST

    ओबामा ने ईरान को बहुत कुछ दिया, मैं नहीं देने वाला- ट्रंप

    ईरान पर भविष्य में क्या अमेरिका हमला करेगा या नहीं, फिलहाल इसे लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है। ईरान के उप-विदेश मंत्री अमेरिका के साथ भविष्य में किसी भी कूटनीतिक और न्यूक्लियर वार्ता पर शर्त रख चुके हैं। ऐसे में ट्रंप ने कहा है कि अब वह ईरान से बात नहीं कर रहे हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ' पर लिखा, "मैं ईरान को कुछ भी नहीं दे रहा हूं। ओबामा की तरह, जिन्होंने 'परमाणु हथियार जेसीपीओए (जो अब समाप्त हो जाएगा) के तहत अरबों डॉलर का भुगतान किया था। इतना ही नहीं, मैं उनसे इस विषय पर बात भी नहीं करने वाला हूं, क्योंकि हमने उनकी न्यूक्लियर फैसिलिटी को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है।"

  • 30 Jun 2025 2:41 PM IST

    सियासी पिच पर संघर्षों से भरी है अखिलेश की जिंदगी, सत्ता-प्यार और परिवार हर मोर्चे पर डटे रहे मुलायम के 'लाल'

    15 मार्च 2012, ये वो तारीख थी, जब उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नया अध्याय जुड़ा। यूपी की कमान एक ऐसे शख्स के हाथों में आई, जो नई सोच और जोश से भरपूर था। उत्तर प्रदेश जैसे विशाल सूबे की कमान संभालना महज 38 साल के शख्स के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। इसके बावजूद युवा सोच से भरपूर इस नेता ने समाजवादी विकास का एक ऐसा एजेंडा पेश किया, जिसमें समाज को बदलने का माद्दा था। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बरसों को खुद को तपा कर राजनीतिक क्षेत्र में अपना मुकाम हासिल किया।

  • 30 Jun 2025 2:32 PM IST

    यूपीआई से लेकर पैन तक, एक जुलाई से बदल जाएंगे यह नियम

    जुलाई, 2025 से कई नए वित्तीय नियम लागू होने जा रहे हैं, जिसका आपकी जेब पर सीधा असर हो सकता है। इनमें यूपीआई चार्जबैक, नए तत्काल ट्रेन टिकट बुकिंग और पैन कार्ड के नियमों में बदलाव शामिल हैं। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की ओर से हाल ही में सिस्टम को आसान बढ़ाने के उद्देश्य से यूपीआई चार्जबैक नियमों में बदलाव किया गया है।15 जुलाई के बाद एनपीसीआई की इसमें कोई भूमिका नहीं रहेगी। अगर बैंक को कोई चार्जबैक रिक्वेस्ट सही लगती है तो उसे वह एनपीसीआई से व्हाइटलिस्ट किए बिना प्रोसेस कर सकती है।

  • 30 Jun 2025 2:10 PM IST

    काजोल और पृथ्वीराज सुकुमारन की नई फिल्म सरजमीं का टीजर रिलीज, इब्राहिम अली खान का लुक देख रह जाएंगे हैरान

     काजोल की फिल्म ‘मां’ अभी सिनेमाघरों में बनी हुई है। इस बीच उनकी नई फिल्म सरजमीं का टीजर रिलीज हो गया है। जिसमें सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान भी प्रमुख भूमिका में नजर आ रहे हैं।

  • 30 Jun 2025 2:09 PM IST

    कर्नाटक के सीएम बदलने के सवाल पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दी प्रतिक्रिया

    कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने के सवाल पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "यह पार्टी हाईकमान के हाथ में है। यह हाईकमान पर छोड़ दिया गया है और उन्हें आगे की कार्रवाई करने का अधिकार है लेकिन किसी को भी बेवजह समस्या पैदा नहीं करनी चाहिए।"

  • 30 Jun 2025 1:59 PM IST

    महाराष्ट्र मंत्री शंभुराज देसाई ने हिंदी भाषा विवाद पर दिया बयान

    महाराष्ट्र मंत्री शंभुराज देसाई ने हिंदी भाषा विवाद पर कहा, "जब वे(उद्धव ठाकरे) खुद मुख्यमंत्री थे, तब माशेलकर समिति की रिपोर्ट आई थी तो इस रिपोर्ट को पहले उन्हीं की सरकार और उन्हीं के मंत्रिमंडल ने स्वीकार किया था। वह इस विषय को मुद्दा बनाकर मराठी वर्ग की सहानुभूति लेना चाहते हैं। यह सारी बातें सदन में आएंगी। उद्धव ठाकरे चाहते हैं कि सरकार ने जो एक नई समिति गठित की है जिसकी रिपोर्ट आगामी 3 महीने में अपेक्षित है, उसका श्रेय उन्हें मिले। आने वाले 1-2 दिन में हम इस विषय पर सभागृह में 'दूध का दूध और पानी का पानी' करेंगे।"

  • 30 Jun 2025 1:47 PM IST

    जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी विभागों की बैठक को लेकर दी प्रतिक्रिया

    जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, "आज यहां बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन और श्राइन बोर्ड ने मिलकर बेहतर इंतजाम किए हैं। सुरक्षा बलों ने सुरक्षा के बहुत चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। मुझे उम्मीद है कि इस बार लोग पहले से भी ज्यादा सफलतापूर्वक यात्रा कर पाएंगे और देशभर से आने वाले श्रद्धालु यहां से बेहतर अनुभव लेकर जाएंगे।"

  • 30 Jun 2025 1:37 PM IST

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जलगंगा संवर्धन अभियान पर दी प्रतिक्रिया

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जलगंगा संवर्धन अभियान पर कहा, "गुड़ी पर्व से लेकर 30 जून यानी 3 महीने तक जल गंगा संवर्धन अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे प्रदेश में चलाया गया। जिसके तहत लगभग 1,518 करोड़ से अधिक के जलसंरक्षण कार्यों का शिलान्यास-भूमिपूजन करने मैं खंडवा जा रहा हूं। खंडवा वो जिला है जिसमें पूरे देश में जल संरक्षण को लेकर सबसे अच्छा काम किया गया है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा खंडवा का नामित किया गया है। प्रदेश भर में जल को लेकर जागरूकता भी बढ़ी है। हमने इसमें भी अलग-अलग तरह के पुरस्कार दिए हैं, जहां नगरीय स्तर पर पहला पुरस्कार भोपाल को और दूसरा जबलपुर को मिला है। ग्रामीण,शहरी सभी क्षेत्रों में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा काम किए गए हैं।"

Created On :   30 Jun 2025 8:02 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story