Breaking News: आज की बड़ी खबरें 5 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 5 Aug 2025 10:18 AM IST
मैसूर ड्रग फैक्ट्री मामला 'शर्ट की फोटो' के जरिए होती थी तस्करी, जांच में बड़ा खुलासा
कर्नाटक के मैसूर में पकड़ी गई 434 करोड़ रुपए की ड्रग्स फैक्ट्री के मामले में मुंबई की साकीनाका पुलिस ने जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में महाराष्ट्र तक ड्रग्स की तस्करी के लिए एक अनोखा और बेहद गुप्त तरीका अपनाया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क में 'शर्ट की फोटो' को कोडवर्ड के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।
- 5 Aug 2025 9:59 AM IST
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय टीम को इंग्लैंड पर जीत की बधाई दी
भारतीय क्रिकेट टीम ने 'द ओवल' में खेले गए एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पांचवें मैच में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर सीरीज बराबरी कर दी। टीम इंडिया की इस रोमांचक और यादगार जीत ने देशवासियों का दिल जीत लिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस जीत के लिए भारतीय टीम को बधाई दी है।
- 5 Aug 2025 9:49 AM IST
टीएन पुलिस की आपत्ति के बाद, टीवीके आज करेगी पार्टी सम्मेलन की नई तारीख की घोषणा
अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) अपने दूसरे राज्य सम्मेलन की तारीख में बदलाव करने जा रही है। यह सम्मेलन पहले 25 अगस्त को मदुरै में आयोजित होने वाला था। नई तारीख की आधिकारिक घोषणा मंगलवार शाम तक होने की उम्मीद है।
- 5 Aug 2025 9:38 AM IST
मुंबई में बैडमिंटन कोच पर जानलेवा हमला, हफ्ता वसूली देने से किया था इनकार
मुंबई में एक बैडमिंटन कोच पर हमले का मामला सामने आया है। मुंबई के चेंबूर इलाके में बैडमिंटन कोच पर तीन युवकों ने जानलेवा हमला किया। कथित तौर पर यह हमला इसलिए किया गया, क्योंकि कोच ने हर हफ्ते 1000 रुपए की हफ्ता वसूली देने से इनकार कर दिया था। घायल कोच की पहचान प्रफुल्ल घाटविसावे के रूप में हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- 5 Aug 2025 9:13 AM IST
राहुल गांधी भाजपा के लिए बैटिंग करते हैं अनुराग ढांडा
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संसद में चीन और भारतीय सेना को लेकर दिए बयान पर सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय ने फटकार लगाई। इसको लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कांग्रेस और भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भाजपा के लिए बैटिंग करते हैं।
- 5 Aug 2025 9:01 AM IST
राहुल गांधी भाजपा की जगह भारत का कर रहे विरोध- ऋतुराज सिन्हा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। ऋतुराज सिन्हा ने राहुल गांधी के हालिया बयानों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी समस्या यह है कि वे यह समझ नहीं पाते कि वे भाजपा का विरोध कर रहे हैं या भारत का।
- 5 Aug 2025 8:50 AM IST
राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से फटकार को उदित राज ने बताया गलत
भारतीय सेना पर टिप्पणी को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट द्वारा फटकार लगाए जाने पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि राहुल गांधी को कोई सबक सीखने की जरूरत नहीं है, सुप्रीम कोर्ट ने जो कहा वह गलत है।
- 5 Aug 2025 8:40 AM IST
सनातन धर्म को मानने वाले ज्यादा कट्टरवादी होते हैं- हुसैन दलवई
महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद हुसैन दलवई ने एनसीपी-एससीपी नेता जितेंद्र आव्हाड के सनातन वाले बयान पर कहा कि ऐसा सनातन धर्म नहीं है, ऐसा बोल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को मानने वाले सनातनी हैं। जो सनातन धर्म मानते हैं, वो ज्यादा कट्टरवादी होते हैं और वह मनुस्मृति को पूरी तरह से मानते हैं। हिंदू धर्म को मानने वाले उदारवादी लोग गांधीवादी सिद्धांतों पर चलते हैं, जो सभी को साथ लेकर चलने की बात करते हैं। हमारा संविधान भी यही कहता है और मनुस्मृति का समर्थन नहीं करता। सनातन धर्म को मानने वाले लोग कट्टरवादी हैं।
- 5 Aug 2025 8:31 AM IST
अमित शाह ने टिपरासा समझौते में देरी की बात स्वीकार की- प्रद्योत किशोर देबबर्मा
टिपरा मोथा पार्टी के सुप्रीमो प्रद्योत किशोर देबबर्मा ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टिपरासा समझौते के कार्यान्वयन में देरी की बात स्वीकार की है और आश्वासन दिया है कि इस मुद्दे को जल्द ही हल करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। अनुसूचित जनजाति मुद्दा रिपोर्ट पर केंद्रीय गृह मंत्री और भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) के साथ अपनी बैठकों के बाद अगरतला लौटते हुए देबबर्मा ने पत्रकारों को संबोधित किया।
- 5 Aug 2025 8:21 AM IST
पंजाब सुनील जाखड़ ने पार्षदों पर दर्ज मामले को रद्द करने की मांग की
पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने सोमवार को लुधियाना के नगर निगम कार्यालय पर भाजपा पार्षदों के धरने में हिस्सा लिया। उन्होंने नगर निगम मेयर के रवैये पर सवाल उठाए और राज्य सरकार पर हमला किया।
Created On :   5 Aug 2025 8:07 AM IST