Breaking News: आज की बड़ी खबरें 07 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 07 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव
07 सितंबर 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 7 Sept 2025 7:32 PM IST

    जम्मू-कश्मीर में राहत कार्य तेज डोडा में सड़कें और बिजली बहाल, रियासी-रामबन में पैसेंजर ट्रेन शुरू करने का फैसला

    जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रभावित हुआ जनजीवन अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। खासकर सैकड़ों रास्ते, जो पूरी तरह अवरुद्ध हो चुके थे, दुरुस्त कर दिए गए हैं। रियासी और रामबन जिलों में अभी रास्ते बंद होने पर लोकल पैसेंजर ट्रेन चलाने का फैसला भी लिया गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने रविवार को यह जानकारी दी।

  • 7 Sept 2025 7:00 PM IST

    मेलबर्न सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

    ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रविवार तड़के गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने पुलिस के हवाले से बताया कि 26 वर्षीय पीड़ित अपने साथियों के साथ केंद्रीय व्यावसायिक जिले के एक कोने पर खड़ा था, जब तड़के लगभग 3.40 बजे एक अज्ञात हमलावर ने उसे गोली मार दी। हमले में घायल साथी उसे अस्पताल ले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

  • 7 Sept 2025 6:30 PM IST

    रुद्रप्रयाग संगठन को मजबूत करने पहुंचे कांग्रेस ऑब्जर्वर, केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे विस्तृत रिपोर्ट

    कांग्रेस पार्टी ने अपने "संगठन सृजन अभियान" के तहत रुद्रप्रयाग जिले में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की दिशा में कदम उठाया है। इस अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर हिम्मत भाई पटेल और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के तीन ऑब्जर्वर शांति प्रसाद भट्ट, नीरज त्यागी और प्रकाश रावत छह दिवसीय दौरे पर रुद्रप्रयाग पहुंचे हैं।

  • 7 Sept 2025 6:00 PM IST

    बांग्लादेश गृह मंत्रालय के सलाहकार ने कानून-व्यवस्था में गिरावट स्वीकार की

    बांग्लादेश के गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जहांगीर आलम चौधरी ने रविवार को स्वीकार किया कि देश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश की रिपोर्ट के अनुसार, ढाका के राजारबाग पुलिस लाइन्स में चुनाव ड्यूटी के लिए पुलिस की क्षमता और कौशल बढ़ाने हेतु एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा, "स्थिति अच्छी थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों की घटनाओं के आधार पर, मैं कहूंगा कि स्थिति थोड़ी बिगड़ी है। हम इसे पहले जैसी स्थिति में लाने की पूरी कोशिश करेंगे।" उन्होंने कहा कि राजबाड़ी में हुई हालिया हिंसा की जांच की जा रही है और उन्होंने बताया कि घटना में शामिल पांच लोगों को कानून के दायरे में लाया गया है।


  • 7 Sept 2025 5:41 PM IST

    दिल्ली में लॉन्च हुआ ‘नमो युवा रन’ कैंपेन, मिलिंद सोमन बने ब्रांड एंबेसडर

    भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में रविवार को 'नमो युवा रन' अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के लिए जागरूक करने और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। मशहूर एक्टर और फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन को इसका ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। इस उपलक्ष्य में 21 सितंबर को एक दौड़ का आयोजन किया जाएगा। भाजपा सांसद और बीजेवाईएम अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमन के साथ इस अभियान की शुरुआत की।

  • 7 Sept 2025 5:31 PM IST

    पानी में डूबा था हरियाणा का ये गांव फिर भी पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी लाखों की राहत

    हरियाणा और पंजाब में बारिश का कहर जारी है। जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भिवानी जिले के धनाना गांव ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। गांव के लोगों ने पंजाब के लोगों की मदद के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रक भेजने शुरू किए हैं। इन दिनों भिवानी जिले का सबसे बड़ा गांव धनाना खुद जलभराव की गंभीर समस्या से परेशान है। गांव के चारों तरफ पानी भरा हुआ है और किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। इसके बाद भी जाटू खाप-84 ने बाढ़ग्रस्त पंजाब के लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। खाप ने फैसला किया है कि जब तक पंजाब में हालात सामान्य नहीं हो जाते, वे हर रोज अपने किसी न किसी गांव से राहत सामग्री का ट्रक भेजते रहेंगे। धनाना गांव के युवाओं ने पंजाब की सहायता के लिए घर-घर जाकर और सामूहिक रूप से पैसा और राशन इकट्ठा किया। इसके बाद जमा हुए पैसों से पानी की बोतलें, मच्छरदानी, आटा, आलू, प्याज, नमक और अन्य जरूरी सामान खरीदा गया। इन सभी चीजों को करीने से पैक कर एक ट्रक में लोड किया गया।

  • 7 Sept 2025 5:20 PM IST

    'विपक्ष के कई सांसद संपर्क में, उपराष्ट्रपति चुनाव में करेंगे एनडीए उम्मीदवार का समर्थन', जयंत चौधरी का दावा

    केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कई सांसद हमारे संपर्क में हैं, जो एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे। जयंत चौधरी से पत्रकारों ने सवाल किया, 'उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए विजय होगा?' इस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "वह बिल्कुल तय है, क्योंकि संख्याबल पर चुनाव है। एनडीए में कोई इधर-उधर नहीं होने वाला है, बल्कि विपक्ष के कई सांसद एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने के लिए तैयार हैं।" इस दौरान, केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने बिहार चुनावों से पहले 'वोट चोरी' के आरोपों पर विपक्ष को जवाब दिया। उन्होंने आरोप लगाए, "विपक्ष डर फैला रहा है। चुनाव आयोग की यह प्रक्रिया पहले से चली आ रही है। जो लोग गांव से शहर में चले जाते हैं, उनकी दो जगह वोट हो जाती हैं और लोग ग्राम प्रधान तक के चुनाव में वोट डालने के लिए गांव में आते हैं। यह चुनाव निष्पक्ष होगा, विपक्ष बेवजह डर फैला रहा है।"

  • 7 Sept 2025 5:10 PM IST

    प्रधानमंत्री मोदी के पंजाब दौरे से पहले सिसोदिया ने बाढ़ राहत के लिए मांगे 60 हजार करोड़ रुपए

    आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा कि केंद्र ने विनाशकारी बाढ़ के बाद पंजाब की मदद के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को राज्य का दौरा करने वाले हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल राहत की घोषणा करने का आग्रह किया और याद दिलाया कि "पंजाब के लोगों का आधिकारिक तौर पर 60 हजार करोड़ रुपये बकाया हैं।" सिसोदिया ने चंडीगढ़ में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "मेरा आकलन है कि व्यापक बाढ़ के कारण बहुत बड़े पैमाने पर राहत की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री मोदी भी पंजाब आ रहे हैं, जो अच्छी बात है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात भी की। गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री मान से बात की और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब का दौरा किया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पंजाब आज मदद की उम्मीद कर रहा है। केंद्र को जल्द ही कुछ घोषणा करनी चाहिए।"

  • 7 Sept 2025 4:51 PM IST

    नकली दवाओं पर सख्त हुए सीएम धामी, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

    उत्तराखंड में नकली दवाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को उन्होंने फिर से दोहराया कि लोगों को नकली दवाइयां किसी भी हालत में नहीं मिलनी चाहिए। अगर कोई दोषी पाया जाएगा या पकड़ा जाएगा, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के जैन भवन में आयोजित 'उत्तराखंड समग्र जैन समाज' सम्मेलन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "जैन सिद्धांतों का हमारी संस्कृति और दर्शन में विशेष स्थान है। जैन धर्म में सभी जीवों के कल्याण की भावना निहित है और अहिंसा जैन धर्म का मूल आधार है। जैन धर्म ने पूरे विश्व को यह शिक्षा दी है कि अहिंसा वीरों का धर्म है।"


  • 7 Sept 2025 4:45 PM IST

    रांची में गर्ल्स हॉस्टल से चल रहा था सेक्स रैकेट, 10 युवतियों सहित 11 लोग हिरासत में

    रांची में पुलिस ने गर्ल्स हॉस्टल में चलने वाले सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा किया है। शहर के लालपुर स्थित ओम गर्ल्स हॉस्टल से 10 युवतियों सहित 11 को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूछताछ में रैकेट के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि हॉस्टल परिसर से संगठित तरीके से देह व्यापार चलाया जा रहा है और यहां से युवतियों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा जाता था। सूचना के आधार पर तत्काल टीम गठित की गई और छापेमारी की गई। मौके से पकड़े गए युवक-युवतियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि लंबे समय से हॉस्टल का इस्तेमाल सेक्स रैकेट के ठिकाने के रूप में हो रहा था। गिरोह लड़कियों को यहां रखकर बाहर भेजता था और इसके बदले मोटी रकम वसूली जाती थी। छापेमारी अभियान में सिटी डीएसपी वेंकटेश रमन, कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार समेत जिले के कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।

Created On :   7 Sept 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story