बीएसएनएल में नौकरी का अवसर जनरल मैनेजर के 15 पदों के लिए जल्द सक्रिय होगा आवेदन लिंक, जानें डिटेल्स
नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने देश भर में विभिन्न पोस्टिंग/स्थान के लिए फाइनेंस और अकाउंट्स स्ट्रीम में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर जनरल मैनेजर के कुल 15 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
बीएसएनएल की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 जून के सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 जून के सुबह 10 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीएसएनएल के ऑफिशियल पोर्टल पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र जमा करते समय कुछ गलती हो जाती है, उनके लिए फॉर्म में त्रुटि को सुधारने का विंडो 25 जून के सुबह 10 बजे से 28 जून के सुबह 10 बजे तक सक्रिय रहेगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) या कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (सीएमए) या एमबीए (फाइनेंस) या मैनेजमेंट (फाइनेंस) में पीजी डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 3 से 15 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आयु, योग्यता और अनुभव के आधार पर प्रारंभिक स्क्रीनिंग, समूह चर्चा और प्रस्तुति एवं इंटरव्यू के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 2,25,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 1,000 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सफलतापूर्वक आवेदन शुल्क के भुगतान के बाद ही आपके रजिस्ट्रेशन फॉर्म को स्वीकार किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Jun 2026 6:29 PM IST












