बुलंदशहर में निषाद पार्टी की बैठक, संजय निषाद ने संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र

बुलंदशहर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) की मंडलीय बैठक सोमवार को बुलंदशहर के सर्किट हाउस सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग) डॉ. संजय कुमार निषाद ने की।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों एवं जिला कमेटियों को पद एवं शपथ के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में डॉ. निषाद ने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और नई जिला कमेटियों को निर्देश दिया कि वे पुरानी कमेटियों के साथ आपसी तालमेल और समन्वय स्थापित करते हुए संगठन को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी एकता और कार्यकर्ताओं के समर्पण पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि जिस जिले में संगठन मजबूत होगा, जिस जिले में गढ़ मजबूत होगा, उसका विस्तार और मजबूती भी उतनी ही अधिक होगी। संगठन की जड़ें उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में होती हैं, इसलिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए डॉ. संजय कुमार निषाद ने पार्टी की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था, जो निषाद पार्टी के लिए अत्यंत शुभ संकेत और गौरव का विषय रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव से पूर्व निषाद पार्टी का एक विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचा था। इसके बाद वर्ष 2018 में गोरखपुर जैसी मजबूत और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीट पर लोकसभा उपचुनाव जीता। वर्ष 2021 में पार्टी के खाते में एक विधान परिषद सदस्य आया और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने अपना सांसद बनाकर संसद में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया। इन्हीं उपलब्धियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने एक से बढ़कर 6 सीटों तक का राजनीतिक सफर तय किया।
डॉ. निषाद ने कहा कि अब बुलंदशहर में निषाद पार्टी को एक से 11 तक पहुंचाने का संकल्प पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी को लेना होगा। इस लक्ष्य को पाने के लिए सभी को पूरी निष्ठा, समर्पण और एकजुटता के साथ मेहनत करनी होगी। उन्होंने गठबंधन में निषाद पार्टी के उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग करते हुए कहा कि बुलंदशहर में पार्टी की कम से कम 3 विधानसभा सीटों पर और 1 लोकसभा सीट पर हिस्सेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए, समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पार्टी की विचारधारा और संदेश पहुंचाया जाए और एनडीए गठबंधन को मजबूती प्रदान करते हुए बुलंदशहर में ऐतिहासिक जीत का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
अंत में उन्होंने सभी पदाधिकारियों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि लक्ष्य केवल आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को मजबूत करना ही नहीं है, बल्कि आगामी लोकसभा चुनाव में बुलंदशहर की धरती से निषाद पार्टी का एक सांसद चुनकर संसद में भेजना भी है। इसके लिए सभी को अभी से पूरी ताकत के साथ संगठन के विस्तार और जनसंपर्क में जुटना होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
