राहुल गांधी का पीएम बनने का सपना सिर्फ मॉक पार्लियामेंट में ही पूरा हो सकता है, हर्ष मल्होत्रा का तीखा तंज

राहुल गांधी का पीएम बनने का सपना सिर्फ मॉक पार्लियामेंट में ही पूरा हो सकता है, हर्ष मल्होत्रा का तीखा तंज
संविधान गौरव दिवस के अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के घेराव की कोशिश, जंतर-मंतर पर धरने की जिद और राजपथ पर प्रदर्शन को संवैधानिक संस्थाओं का अपमान बताते हुए कहा कि चुनावी हार से हताश विपक्ष अब भीड़तंत्र से जनादेश को रद्द करना चाहता है, जो कभी संभव नहीं होगा।

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के घेराव की कोशिश, जंतर-मंतर पर धरने की जिद और राजपथ पर प्रदर्शन को संवैधानिक संस्थाओं का अपमान बताते हुए कहा कि चुनावी हार से हताश विपक्ष अब भीड़तंत्र से जनादेश को रद्द करना चाहता है, जो कभी संभव नहीं होगा।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा, "संविधान गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को 'संविधान गौरव दिवस' के रूप में मनाने का निर्णय लिया और इसे सरकार की ओर से अधिसूचित किया गया। देश की आजादी से लेकर लंबे समय तक संविधान के साथ खिलवाड़ किया गया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई और कांग्रेस का इसमें सबसे बड़ा हाथ रहा है। पिछले दिनों आपने दिल्ली में जो घटनाक्रम देखा, चाहे वह 'रिजीम चेंज' के नाम पर हो या जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की बात हो। धरना-प्रदर्शन से किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन कानून का पालन किए बिना सुप्रीम कोर्ट को घेरने की कोशिश करना, उसकी ओर मार्च करना, आम आदमी पार्टी द्वारा राजपथ पर धरना देना ताकि रिपब्लिक डे परेड प्रभावित हो सके, यह सब संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपमानजनक रवैया दर्शाता है।"

उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। 1950 में गणतंत्र लागू होने के बाद से लगातार ऐसा होता रहा है। एक तरफ ये अराजक मानसिकता वाले दल हैं, चाहे वह कांग्रेस हो, विपक्षी दल हों या आम आदमी पार्टी। दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार है, जो कानून का सम्मान करती है और संविधान के दायरे में रहकर देश की जनता के लिए सुधारों का कार्य करती है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अंग्रेजों के औपनिवेशिक शासन के समय के 1500 से अधिक ऐसे कानून, जिनकी अब कोई उपयोगिता नहीं थी, उन्हें संविधान की भावना के अनुरूप या तो संशोधित किया गया या समाप्त किया गया। चाहे आईपीसी, सीआरपीसी और सीपीसी में सुधार की बात हो या तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाने की बात हो।

उन्होंने कहा कि इसके विपरीत कांग्रेस ने हमेशा संविधान और कानून के साथ खिलवाड़ किया। उदाहरण के तौर पर सुप्रीम कोर्ट ने शाह बानो केस में एक निर्णय दिया, लेकिन वह कांग्रेस को अपनी तुष्टीकरण की राजनीति के कारण स्वीकार नहीं था। इसलिए संविधान, कानून और सर्वोच्च न्यायालय की भावना की अवहेलना करते हुए संसद के माध्यम से उस निर्णय को बदल दिया गया।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चाहे सुप्रीम कोर्ट के घेराव की बात हो या प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर को डी-नोटिफाई किए जाने के बाद वहां प्रदर्शन करने की जिद हो या कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में धरना देने की बात हो, यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा कि वह उनकी बात सुनने के लिए तैयार है, लेकिन कानून के तहत आएं, भीड़तंत्र के माध्यम से नहीं। फिर भी कांग्रेस, विपक्षी दल और विशेष रूप से राहुल गांधी का व्यवहार लगातार अराजकता से भरा रहा है।

उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों के कारण विपक्ष अब हताश हो चुका है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि देश की जनता ने तीन बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने का जनादेश दिया है। यह जनादेश भीड़तंत्र से रद्द नहीं किया जा सकता। यदि किसी को प्रधानमंत्री बनना है या सरकार में आना है, तो उसे देश की जनता का जनादेश प्राप्त करना होगा।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि जैसा कि पीएम मोदी ने 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में अधिसूचित किया है। हम पूरे देश में इस दिवस को मनाएंगे। हमारे वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री विभिन्न राज्यों की राजधानियों और प्रमुख शहरों में जाकर इस विषय पर जनता को संबोधित करेंगे। संविधान निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाने वाले डॉ. भीमराव आंबेडकर का भी कांग्रेस ने लगातार अपमान किया। 1952 और 1954 में उन्हें चुनाव हराने का प्रयास किया गया। जवाहरलाल नेहरू की कैबिनेट में रहते हुए भी उन्हें अपमानित किया गया और बाद में उन्होंने इस्तीफा दिया। कांग्रेस लगातार संविधान और कानून की अवहेलना करती रही है।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को देश के गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में दोपहर 3 बजे सिविक सेंटर में बुद्धिजीवी वर्ग को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के नेता संसद सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही नहीं चलने देते, हंगामा करते हैं और दूसरी तरफ 'मॉक पार्लियामेंट' आयोजित करते हैं। उनका जो प्रधानमंत्री बनने का सपना है, वह शायद केवल मॉक पार्लियामेंट में ही पूरा हो सकता है। 56 वर्ष के कांग्रेस नेता स्वयं को युवा बताते हैं और कांग्रेस उन्हें बार-बार लॉन्च करने का प्रयास करती है, लेकिन वे आज तक पूरी तरह स्थापित नहीं हो पाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का 24 या 28 वर्ष का युवा अंतरिक्ष में जाने वाले रॉकेट लॉन्च कर रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के मंत्री, सांसद और कार्यकर्ता कानून के दायरे में रहकर जनकल्याण की योजनाएं बनाकर उन्हें लागू करने का काम कर रहे हैं। इसके विपरीत कांग्रेस लगातार कानून का मजाक उड़ा रही है और उसके साथ खिलवाड़ कर रही है। यदि कानून के दायरे में रहकर कार्य करने की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से आज जम्मू-कश्मीर पूर्ण रूप से भारत का अभिन्न अंग बना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story