बुलंदशहर में भूरा गैंग का एनकाउंटर सरगना समेत पांच पशु चोर गिरफ्तार, दो बदमाश घायल
बुलंदशहर, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गुलावठी में पुलिस और स्वाट टीम की पशु तस्करों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से गैंग सरगना शहजाद और शाहरुख घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन चाकू, कारतूस, एक वाहन, चोरी की दो भैंस और 95 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
सीओ प्रखर पांडे के मुताबिक, शनिवार देर रात एक बजे गुलावठी पुलिस और स्वाट टीम जिरावटी क्षेत्र के पास हाईवे पर चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गैंग के सरगना शहजाद उर्फ भूरा, उसके मुख्य सहयोगी शाहरुख मेवाती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान घिरे दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घायल आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से पशु चोरी में इस्तेमाल होने वाले सामान और चोरी की गई भैंसें भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शहजाद उर्फ भूरा निवासी थाना मुंडाली, मेरठ; शाहरुख मेवाती निवासी नौरंगाबाद, मोहरू नगला, थाना पलवल, हरियाणा; फैसल निवासी चौधरीबाड़ा, सिकंदराबाद; शरीफ निवासी सिकंदराबाद और रिजवान निवासी जलीलपुर, थाना जहांगीराबाद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गैंग सरगना शहजाद उर्फ भूरा वर्ष 2012 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शाहरुख मेवाती पर आठ, फैसल पर सात, शरीफ पर 19 और रिजवान पर सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में गुलावठी कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा, कस्बा इंचार्ज आनंद कुमार, नई मंडी चौकी प्रभारी उपेंद्र यादव और उनकी पुलिस टीम के साथ स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम व उनकी टीम शामिल रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पशु चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 11:04 AM IST












