बक्सर यौन शोषण मामले पर शिक्षा मंत्री सख्त, बोले- सभी स्कूलों के लिए बनेगी एसओपी

बक्सर यौन शोषण मामले पर शिक्षा मंत्री सख्त, बोले- सभी स्कूलों के लिए बनेगी एसओपी
बिहार के बक्सर में सामने आए छात्राओं के कथित यौन शोषण के मामले को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सख्त कार्रवाई का दावा किया है। उन्होंने कहा कि घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। विभाग ने आरोपी शिक्षकों को निलंबित करने के साथ उनकी बर्खास्तगी का प्रस्ताव मांगा है। इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पटना, 4 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के बक्सर में सामने आए छात्राओं के कथित यौन शोषण के मामले को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सख्त कार्रवाई का दावा किया है। उन्होंने कहा कि घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। विभाग ने आरोपी शिक्षकों को निलंबित करने के साथ उनकी बर्खास्तगी का प्रस्ताव मांगा है। इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

मिथिलेश तिवारी ने बताया कि उन्होंने बक्सर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आरोपी शिक्षकों को निलंबित किया गया है और बर्खास्तगी की प्रक्रिया के लिए प्रस्ताव मांगा गया है। उन्होंने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी, पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द सजा दिलाने की दिशा में काम करने को कहा है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बक्सर के डीएम से दोबारा हुई बातचीत में यह जानकारी मिली कि स्कूल के हेडमास्टर की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हेडमास्टर सहित संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई होगी। यदि जांच में किसी और की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

स्कूलों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग ने सभी अधिकारियों को बुलाकर इस विषय पर निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से स्कूलों के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया यानी एसओपी तैयार करने को कहा है, जिसे राज्य के सभी विद्यालयों में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों में सुरक्षित और मर्यादित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।

शिक्षक दिवस की तैयारियों को लेकर तिवारी ने कहा कि शिक्षा विभाग हर वर्ष उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करता है। इस बार राज्य के सभी जिलों से एक-एक योग्य शिक्षक का सम्मान किया जाएगा। हालांकि, बक्सर के शिक्षक को लेकर फिलहाल कार्यक्रम रोका गया है। मंत्री ने बताया कि राज्य के करीब 5.80 लाख शिक्षकों तक ई-शिक्षाकोष के माध्यम से उनका संदेश पहुंचाया जा रहा है। शिक्षकों को भौतिक रूप से भी पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय शिक्षा पद्धति और गुरु-शिष्य परंपरा के मूल्यों को जोड़ने पर काम कर रही है। विद्यालयों में मर्यादापूर्ण व्यवहार और सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

शिक्षकों के प्रशिक्षण को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग शिक्षक प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दे रहा है। इसी क्रम में उन्होंने गूगल के साथ समझौते की बात कही। तिवारी ने कहा कि शिक्षकों की कैपेसिटी बिल्डिंग के लिए गूगल के साथ एमओयू किए जाने की तैयारी है।

बिहार के छात्रों के समर्थन में राहुल गांधी के बयान पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार के छात्रों को उनके समर्थन की आवश्यकता नहीं है और सरकार स्वयं उनके हितों के लिए काम कर रही है।

बिहार में बाढ़ की स्थिति और तेजस्वी यादव द्वारा सरकार पर संवेदनहीनता के आरोपों पर मिथिलेश तिवारी ने कहा कि नेपाल से बाढ़ या किसी बड़ी आपदा की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री रातभर स्थिति की निगरानी करते हैं और पूरी सरकार सक्रिय रहती है। नदियों के किनारे लगातार निगरानी की जा रही है और संभावित संकट से निपटने के लिए फरक्का बैराज के गेट खुलवाने की कार्रवाई भी की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस दिशा में त्वरित कदम उठाया।

तिवारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के अच्छे कामों की प्रशंसा करना संभव न हो तो कम से कम बेवजह आरोप नहीं लगाने चाहिए। सरकार बिहार के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर काम कर रही है और समृद्ध बिहार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2026 6:49 PM IST

Tags

Next Story