सेंट्रल दिल्ली रंजीत नगर पुलिस ने ड्रग पेडलर को दबोचा, 1 किलो गांजा बरामद
नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। सेंट्रल दिल्ली के रंजीत नगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सतर्क पेट्रोलिंग टीम ने आरोपी के पास से 1026.8 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को हेड कांस्टेबल सीताराम, कांस्टेबल ललित और कांस्टेबल सुमित इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। सुबह करीब 10:25 बजे जब टीम पटेल नगर से दिल्ली कैंट की ओर शादीपुर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के पास पहुंची, तो उन्होंने एक व्यक्ति को हाथ में पॉलीथीन बैग लिए हुए देखा।
पुलिस को देखते ही वह व्यक्ति घबरा गया और बैग छिपाने की कोशिश करते हुए दिल्ली कैंट की ओर भागने लगा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और सुबह 10:30 बजे उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अर्जुन उर्फ राहुल (30 वर्ष) निवासी शादीपुर, मोती नगर, दिल्ली के रूप में हुई। बैग में क्या है, यह पूछने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
मौके पर ही रंजीत नगर थाने के ड्यूटी ऑफिसर को सूचना दी गई, जिसके बाद एसआई एम. सुनील कुमार और कांस्टेबल शुभम तुरंत मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान बैग से गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन पर तौलने पर 1026.8 ग्राम गांजा निकला। इस मामले में रंजीत नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह गांजा बलजीत नगर इलाके के एक व्यक्ति से लिया था और वह इलाके में इसे बेचकर आसानी से पैसे कमाता था। पुलिस इस जानकारी की पुष्टि कर रही है और सप्लायर की पहचान और ठिकाने का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एसएचओ रंजीत नगर की देखरेख और एसीपी पटेल नगर की निगरानी में एसआई एम. सुनील कुमार, एसआई सुमित सिंह, एचसी सीताराम और अन्य कांस्टेबलों की टीम ने की है। फिलहाल पुलिस बरामद गांजे के स्रोत और इस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में आगे की जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Sept 2026 2:54 PM IST












