झारखंड चतरा में ज्वेलरी दुकानों में लूट की साजिश नाकाम, पुलिस ने हथियार के साथ दो आरोपी किए गिरफ्तार

झारखंड  चतरा में ज्वेलरी दुकानों में लूट की साजिश नाकाम, पुलिस ने हथियार के साथ दो आरोपी किए गिरफ्तार
चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया है। पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे दो आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

रांची, 10 नवंबर (आईएएनएस)। चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया है। पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे दो आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 एमएम की एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो खोखे और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में संभावित लूट की बड़ी घटना टल गई है।

पुलिस के अनुसार, एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ अपराधी अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। अपराधियों के निशाने पर क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानें थीं। वे लगातार रेकी कर रहे थे और मौका मिलते ही लूटपाट की योजना बना रहे थे।

सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू की और संदिग्ध लोगों पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने विजनी गांव के टोला पड़रियाबर स्थित तीनमुहाना के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मांझीपाड़ा निवासी दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई। पूछताछ में उसने हथियार उपलब्ध कराने वाले मरगड़ा गांव निवासी विक्रम कुमार का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

चतरा के एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि दशरथ कुमार के खिलाफ पहले से चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से आया और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में ज्वेलरी दुकानों में लूट की योजना स्वीकार की है। वे हथियार के बल पर दुकानों को लूटने की फिराक में थे। पुलिस की सतर्कता से संभावित अपराध को समय रहते नाकाम करने में सफलता मिली।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story