चेल्सी के मैनेजर अलोंसो ने की जोआओ पेड्रो की सराहना, बोले- बतौर खिलाड़ी और लीडर साफ दिखता है उनका विकास
लंदन, 22 अगस्त (आईएएनएस)। चेल्सी के मैनेजर जाबी अलोंसो ने ब्राजील के फॉरवर्ड जोआओ पेड्रो के व्यक्तित्व और लीडरशिप गुणों की तारीफी की है। पेड्रो ने 2034 तक के नए कॉन्ट्रैक्ट पर साइन करके क्लब के साथ अपना भविष्य लंबे समय के लिए सुरक्षित कर लिया है।
जुलाई 2025 में ब्राइटन एंड होव एल्बियन से चेल्सी में शामिल हुए पेड्रो ने सोमवार को फुलहम के खिलाफ प्रीमियर लीग के शुरुआती मैच से पहले लंदन क्लब के साथ नई शर्तों पर साइन किया। ब्राजील के इस खिलाड़ी का स्टैमफोर्ड ब्रिज में पहला पूरा सीजन शानदार रहा। सभी प्रतियोगिताओं में 20 गोल करके पेड्रो चेल्सी के लिए सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे। फैंस ने उन्हें क्लब का 'प्लेयर ऑफ द सीजन' भी चुना था।
अलोंसो ने कहा कि पेड्रो का प्रभाव मैदान पर उनके प्रदर्शन से कहीं अधिक बढ़ गया है और उन्होंने प्री-सीजन के दौरान उनके रवैये की भी तारीफ की। चेल्सी के हवाले से अलोंसो ने कहा, "हम जोआओ पेड्रो से बहुत बात करते हैं क्योंकि वह न सिर्फ एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी हैं। ग्रुप में उनका व्यक्तित्व बहुत अच्छा है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि एक बेहतरीन खिलाड़ी और एक लीडर के तौर पर उनका विकास हर दिन और हर मैच में साफ दिखता है। उनमें एक शानदार सीजन बिताने और गोल करने का फोकस और इच्छा है, लेकिन वह टीम की मदद करने पर भी ध्यान देते हैं।" चेल्सी में आने के बाद पेड्रो ने तुरंत असर दिखाया। उन्होंने क्लब वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में फ्लुमिनेंस के खिलाफ दो गोल किए और फिर पेरिस सेंट-जर्मेन के खिलाफ फाइनल में भी गोल किया, जिससे चेल्सी की टीम ट्रॉफी जीतने में सफल रही।
उन्होंने 2025/26 सीजन में भी अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। वेस्ट हैम यूनाइटेड के खिलाफ गोल करने के बाद उन्होंने टोटेनहम हॉटस्पर और नेपोली के खिलाफ भी अहम गोल किए। पिछले सीजन में उनके 20 गोलों ने उन्हें चेल्सी का सबसे अधिक गोल करने वाला खिलाड़ी भी बनाया।
अलोंसो ने कहा कि उन्हें पेड्रो का क्लब में बने रहना अच्छा लगा और उन्हें विश्वास है कि चेल्सी की टीम इस स्ट्राइकर को उनके लक्ष्य हासिल करने में मदद कर सकती है। अलोंसो ने कहा, "मैं जोआओ पेड्रो के नए कॉन्ट्रैक्ट पर साइन करने से बहुत खुश हूं। मैं उनके व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित हूं, और अब हमें उनके लक्ष्यों तक पहुंचने में उनकी मदद करनी होगी।" चेल्सी में आने पर पेड्रो ने शुरू में 8 साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट के नए विस्तार के साथ अब वह 2034 तक क्लब से जुड़े रहेंगे। नंबर 9 की जर्सी पहने पेड्रो से चेल्सी के अटैक की अगुवाई करने की उम्मीद की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Aug 2026 5:55 PM IST












