तमिलनाडु दौरे पर सीएम रेखा गुप्ता, वेल्लूर स्थित श्री लक्ष्मी नारायणी मंदिर में की पूजा-अर्चना
वेल्लूर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने दो दिवसीय तमिलनाडु दौरे के दौरान शुक्रवार को वेल्लूर स्थित श्री लक्ष्मी नारायणी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने वीआईटी (वेल्लूर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) में संक्रामक रोगों पर अनुसंधान के लिए स्थापित नए केंद्र का उद्घाटन किया तथा संस्थान के 41वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
तमिलनाडु में मनाए जा रहे वरलक्ष्मी व्रतम के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वेल्लूर स्थित श्री लक्ष्मी नारायणी मंदिर पहुंचकर मां लक्ष्मी के दर्शन किए और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। उन्होंने राज्य तथा देशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि वरलक्ष्मी व्रतम आस्था, श्रद्धा और पारिवारिक कल्याण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों को इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए मां लक्ष्मी से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि वेल्लूर स्थित श्री लक्ष्मी नारायणी मंदिर में मां के दर्शन अपने आप में एक आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की मंदिर परंपरा भारत की सनातन चेतना, भक्ति और सांस्कृतिक वैभव की अद्भुत अभिव्यक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि मां लक्ष्मी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने वेल्लूर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में स्थापित सेंटर फॉर एडवांस्ड रिसर्च इन बैक्टीरियोफेज एंड इंफेक्शियस डिजीजेज का उद्घाटन किया।
यह केंद्र भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के सहयोग से स्थापित किया गया है और संक्रामक रोगों के क्षेत्र में अत्याधुनिक शोध को बढ़ावा देने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की वैज्ञानिक प्रतिभा आज अनुसंधान आधारित समाधान और नवाचार के माध्यम से जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के अनुसंधान संस्थान ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में भारत की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने वेल्लूर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के 41वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में भी हिस्सा लिया और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने सभी स्नातक छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शिक्षा का समापन नहीं, बल्कि जीवन की नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। आज जिन युवाओं के हाथों में डिग्री और पदक हैं, कल उनके विचार, नवाचार और निर्णय भारत के भविष्य की दिशा तय करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मविश्वास से भरी युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान केवल डिग्रीधारी छात्र नहीं, बल्कि देश के भविष्य के नवाचारकर्ता और राष्ट्रनिर्माता तैयार कर रहे हैं।
इस अवसर पर वीआईटी के चांसलर डॉ. जी विश्वनाथन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के तमिलनाडु दौरे ने आध्यात्मिक आस्था, वैज्ञानिक अनुसंधान और युवा सशक्तीकरण जैसे विभिन्न क्षेत्रों को एक मंच पर लाकर विकास, ज्ञान और संस्कृति के समन्वय का संदेश दिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Aug 2026 6:15 PM IST












