झारखंड चतरा में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, 5 युवतियों समेत 12 गिरफ्तार
चतरा, 22 अगस्त (आईएएनएस)। चतरा पुलिस ने शहर के ईटखोरी मुख्य मार्ग स्थित एक होटल में चल रहे कथित देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच युवतियों और सात युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में होटल संचालक का बेटा भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि एक होटल में युवक-युवतियों का संदिग्ध आना-जाना बना रहता है और वहां अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद 21 अगस्त को पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज तथा पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल की पहली मंजिल के कमरा नंबर 101, दूसरी मंजिल के कमरा नंबर 202 सहित तीसरी और चौथी मंजिल के कई कमरों में एक साथ दबिश दी। पुलिस के अनुसार, कई युवक-युवतियां कमरों में आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए, जिन्हें तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने कमरों से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से नौ एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक एप्पल आईफोन जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 तथा अनैतिक व्यापार रोकथाम अधिनियम एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत सदर थाना कांड संख्या 354/2026 दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मामले को लेकर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई को चतरा जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Aug 2026 6:55 PM IST












