'छत्रपति शिवाजी महाराज का संघर्ष देता रहेगा मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा', अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। हिंदवी स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें नमन किया है। अमित शाह ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का अथक संघर्ष और जीवनगाथा अनंतकाल तक देशवासियों को मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय स्वाभिमान के अमर प्रतीक और राष्ट्र-गौरव के रक्षक छत्रपति शिवाजी महाराज जी का स्मरण कर उनके चरणों में वंदन करता हूं। धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए उन्होंने लोगों को एकजुट किया और हिंदवी स्वराज की स्थापना की। समुद्र पर नियंत्रण के महत्त्व को समझते हुए उनकी ओर से बनाई गई शक्तिशाली नौसेना उनके अद्वितीय रणनीतिक कौशल और दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता का प्रतिबिंब है।"
उन्होंने आगे लिखा, "एक शासक कैसे एक साथ स्वसंस्कृति और स्वभाषा की रक्षा कर सकता है और लोककल्याण के आदर्श भी स्थापित कर सकता है, उनका जीवन इसका आदर्श है। उनका अथक संघर्ष और जीवनगाथा अनंतकाल तक देशवासियों को मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पोस्ट किया, "भारतीय शौर्य और स्वाभिमान के अप्रतिम प्रतीक और 'हिंदवी स्वराज्य' के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। शिवाजी महाराज ने अपनी अद्वितीय संगठनात्मक शक्ति और अदम्य साहस से विदेशी आक्रांताओं को पराजित कर स्वराज्य की विजय पताका फहराई। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रभक्ति और स्वावलंबन का अटूट संकल्प जागृत करता है। उनकी न्यायप्रियता, दूरदर्शिता और कुशल सैन्य नेतृत्व का आदर्श आज भी हमारे लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छत्रपति शिवाजी महाराज को याद किया। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "हिंदवी स्वराज के संस्थापक, धर्म, स्वराज और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण और सादर श्रद्धांजलि।"
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पोस्ट में लिखा, "हिंदवी स्वराज के प्रणेता, अद्वितीय पराक्रम और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक, अपना सम्पूर्ण जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित करने वाले राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटिशः नमन। उनका साहस, नेतृत्व और स्वाभिमान आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का अटूट स्रोत है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 7:56 AM IST












