छत्तीसगढ़ के सीएम ने स्मृति ईरानी से की मुलाकात, जनकल्याणकारी योजनाओं पर की चर्चा

छत्तीसगढ़ के सीएम ने स्मृति ईरानी से की मुलाकात, जनकल्याणकारी योजनाओं पर की चर्चा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव, छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से मुलाकात की। इससे पहले सीएम साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी मुलाकात की थी।

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव, छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से मुलाकात की। इससे पहले सीएम साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी मुलाकात की थी।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर में हो रहे विकास और बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए बताया कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, रोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार, किसानों की आय एवं कृषि आधारित गतिविधियों तथा आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने राज्य में हो रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की प्रगति से भी उन्हें अवगत कराया।

इससे पहले सीएम साय ने नई दिल्ली में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें सादर नमन किया। सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में सत्य और अहिंसा की प्रतिमूर्ति महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया। महात्मा गांधी जी का सत्य और अहिंसा का मार्ग और शास्त्री जी का ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र हम सभी को सदैव राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए प्रेरित करता रहेगा। आइए, उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त बनाने के संकल्प को मजबूत करें।

सीएम साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। उनके कुशल एवं ऊर्जावान नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से निरंतर सशक्त हो रही है और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2026 10:37 PM IST

Tags

Next Story