छत्तीसगढः साईं मंदिर से चांदी के मुकुट की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
सक्ती, 19 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती शहर के महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर से भगवान साईं का चांदी का मुकुट चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया है। बरामद मुकुट की कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, साईं मंदिर में चोरी की सूचना मिलने पर विजय बहादुर ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि मंदिर में भगवान साईं के सिर पर लगा चांदी का मुकुट चोरी हो गया है। चोरी करने वाला व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ विजय बहादुर और गवाहों के बयान लिए गए और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र के ग्राम बिछुआ निवासी सतीश दुबे (37) को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने सहयोगी ननकी राम चौहान (44) निवासी रायगढ़ के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया। गवाहों की मौजूदगी में मुकुट को विधिवत जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों से दोनों आरोपियों की अपराध में संलिप्तता की पुष्टि होने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में थाना सक्ती पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Aug 2026 10:58 AM IST












