अंतरराष्ट्रीय: चीन के हैनान प्रांत में तूफान वुतिप की चेतावनी, हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

चीन के हैनान प्रांत में तूफान वुतिप की चेतावनी, हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
चीन के हैनान प्रांत में तूफान वुतिप के खतरे को देखते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने एहतियातन बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया है।

हाइकोउ, 13 जून (आईएएनएस)। चीन के हैनान प्रांत में तूफान वुतिप के खतरे को देखते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने एहतियातन बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया है।

गुरुवार रात 8 बजे तक 16,561 लोगों को निर्माण स्थलों, बाढ़ संभावित निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से निकाला गया। साथ ही प्रांत के 30,721 मछली पकड़ने वाले जहाज या तो बंदरगाहों पर लौट आए हैं या अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिए गए हैं और 40,000 से अधिक मछुआरों को भी तट पर लाया गया है।

प्रांतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह 11 बजे तक तूफान के लिए लेवल-3 अलर्ट जारी रखा है। शुक्रवार सुबह 10 बजे तूफान का केंद्र लेडोंग ली स्वायत्त काउंटी के तटवर्ती जल क्षेत्र के पास था, जहां केंद्र के पास हवाएं 28 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से चल रही थीं।

मौसम विभाग के अनुसार शाम 8 बजे के बाद प्रांत के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।

दोपहर की मौसम भविष्यवाणी के अनुसार, वुतिप उत्तर की ओर 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। इसकी तीव्रता में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया है। तूफान के लेडोंग काउंटी और डोंगफांग सिटी के बीच तट से टकराने या उसके पास से गुजरने की आशंका है। इस दौरान हवाएं 25 से 28 मीटर प्रति सेकंड की गति से चल सकती हैं।

इस बीच, हैनान के दक्षिण-पश्चिमी तट से लगभग 26 किलोमीटर दूर एक कार्गो जहाज पर फंसे 12 क्रू सदस्यों को बचा लिया गया है। नन्हाई रेस्क्यू ब्यूरो को गुरुवार शाम मदद की सूचना मिली, जिसके बाद 6:30 बजे बचाव पोत रवाना हुआ और रात 11:50 बजे दुर्घटनास्थल पर पहुंचा। तीन मीटर ऊंची लहरों के बीच 43 मिनट के भीतर सभी 12 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्हें फिलहाल बचाव पोत पर ही रखा गया है, जहां उन्हें आवश्यक वस्तुएं और चिकित्सकीय सेवाएं दी जा रही हैं। मौसम अनुकूल होने पर उन्हें तट पर लाया जाएगा।

सान्या शहर में सभी स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, निर्माण स्थल और पर्यटक स्थल बंद कर दिए गए हैं। जहाजों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है और सान्या हवाई अड्डे से गुरुवार रात 10 बजे से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हैनान में हाई-स्पीड रेल सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं, जो शनिवार को फिर शुरू होने की उम्मीद है।

नन्हाई रेस्क्यू ब्यूरो तूफान पर करीबी नजर बनाए हुए है और आपात स्थितियों से निपटने के लिए सात बचाव पोत और चार हेलीकॉप्टर स्टैंडबाई पर रखे गए हैं। चीन के मौसम विभाग के अनुसार, वुतिप इस साल चीन में आने वाला पहला तूफान है।

बता दें कि हाल के वर्षों में चीन ने गर्मियों के दौरान हीटवेव, सूखा, मूसलधार बारिश और बाढ़ जैसी कई चरम मौसमी स्थितियों का सामना किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Jun 2025 7:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story