- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- यूरिया के गोदामों में बढ़ी भीड़,...
Chhindwara News: यूरिया के गोदामों में बढ़ी भीड़, दो-दो दिन की वेटिंग के बाद मिल रही खाद

- सब्जी मंडी स्थित गोदाम में वाहनों की लंबी कतार, खाद के लिए परेशान किसान
- मार्कफेड के गोदामों से रोजाना 3 हजार से ज्यादा किसानों के बिल काटे जा रहे हैं।
- खाद मिलने में 2-2 दिन की वेटिंग होने से उन्हें वाहनों का किराया जबरन देना पड़ रहा है।
Chhindwara News: ऊंची पहुंच और रसूख के दम पर खाद ले जाने वालों की संख्या बढ़ते जा रही है। जिसके चलते कमजोर किसानों को 2-2 दिन तक खाद के लिए गोदामों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शुक्रवार को भी गुरैया सब्जी मंडी स्थित मार्कफेड के गोदाम के बाहर दर्जनों वाहन कतार में खड़े रहे। किसानों की भीड़ धूप में भी खाद के डटी रही।
गौरतलब है कि मार्कफेड के गोदामों से रोजाना 3 हजार से ज्यादा किसानों के बिल काटे जा रहे हैं। बिल कटने के बाद किसानों को टोकन दिया जाता है। टोकन लेने के बाद किसानों को खाद के लिए लम्बी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। खाद उठाने के लिए अधिकांश किसान किराए के वाहन लेकर पहुंच रहे हैं। खाद मिलने में 2-2 दिन की वेटिंग होने से उन्हें वाहनों का किराया जबरन देना पड़ रहा है।
यह हैं गोदामों के हालात
- 3 हजार से ज्यादा रोजाना की बिलिंग
- 1,800 तक किसानों को मिल पा रही खाद
- सुबह से देर शाम तक गोदामों के बाहर जूझ रहे किसान
- छुट्टियों के दिन बंद रहता है खाद का वितरण
नैनो खाद से किसान कर रहे परहेज
सरकार नैनो खाद पर जोर दे रही है ताकि किसानों की उपज पर भी बेहतर हो और खेतों की मिट्टी को भी ज्यादा नुकसान न पहुंचे। लेकिन किसान नैनो खाद पर ज्यादा भरोसा नहीं कर रहे हैं। इसमें मेहनत ज्यादा लगने के कारण किसान इससे परहेज भी कर रहे हैं।
इनका कहना है
ज्यादातर किसान बिल कटवा चुके हैं। वितरण के लिए एक साथ ज्यादा किसानों के आने से वितरण व्यवस्था थोड़ी सी गड़बडा गई है। हम अगले सप्ताह से छुट्टी के दिन भी वितरण की व्यवस्था बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
रुपेश उईके, गोदाम प्रभारी
Created On :   14 Jun 2025 2:44 PM IST