मध्य प्रदेश न्यूज: 24 घंटे से ज्यादा समय बैंक के अंदर बंद रहा आरोपी, सीसीटीवी से करता रहा निगरानी

24 घंटे से ज्यादा समय बैंक के अंदर बंद रहा आरोपी, सीसीटीवी से करता रहा निगरानी
नागपुर रोड पर ऑटो पार्ट्स की दुकान और करोड़ों की जमीन का मालिक महज 1 करोड़ के कर्ज के चलते बैंक लूटने निकल पड़ा था। जिसे पुलिस ने रंगे हाथो धर दबोचा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नागपुर रोड पर ऑटो पार्ट्स की दुकान और करोड़ों की जमीन का मालिक महज 1 करोड़ के कर्ज के चलते बैंक लूटने निकल पड़ा था। जिसे पुलिस ने रंगे हाथो धर दबोचा। पेट्रोल में डूबे पटाखे, कटर, छैनी व धारदार हथियारों से करीब 24 घंटे तक वह तिजोरी काटने का प्रयास करता रहा। सीसीटीवी कैमरे में हलचल देख आरोपी ने बैंक के अंदर पटाखे फोडकर आग लगाना शुरु किया था।

जानकारी अनुसार शनिवार सुबह 11:30 बजे करीब सत्कार तिराहा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच में बैंक का कर्मचारी जरूरी दस्तावेज लेने के लिए बैंक गया था। बैंक के शटर का लॉक बाहर से टूटा हुआ था। कर्मचारी ने संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बैंक के अंदर पटाखे फूटे व धुएं के गुबार उठने लगे थे। मशक्कत के बाद जब पुलिसकर्मी नारायण बघेल अंदर घुसे तो अंदर मौजूद आरोपी ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को धरदबोचा। आरोपी करोड़ों की जमीन का आसामी और बैंक का कर्जदार निकला। पुलिस इस मामले में लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है।

शहर में करोड़ों की जमीन

बैंक के अंदर से रंगे हाथों गिरफ्तार हुए आरोपी चंद्रप्रकाश लोखंडे एकता कालोनी चंदनगांव में रहता है। चंदनगांव में बंगला, प्लाट व नरसिंहपुर रोड में हाल ही में खरीदी गई ३ करोड़ रुपए की जमीन है। इसके अलावा नागपुर रोड डीडीसी कॉलेज के सामने २५ से ३० साल पुरानी जमी हुई ऑटो पार्ट्स की दुकान भी है।

पेट्रोल में डूबे हुए पटाखे और औजार मिले

बंद बैंक के अंदर मिले आरोपी के पास से पुलिस को एक थैले में भरे हुए करीब ५० से ६० रस्सी बम, पेट्रोल, कटर, छैनी, हथौड़ा व अन्य औजार मिले हैं। कुछ पटाखे पेट्रोल में भीगे हुए भी थे।

शटर की क्लिप काटकर घुसा आरोपी

आरोपी ने शटर के ताले नहीं तोड़े जबकि दीवार के अंदर घुसने वाली क्लिप को काटकर शटर खोली। इसके बाद अंदर के चैनल गेट के ताले तोड़े। आरोपी ने बंद बैंक के अंदर करीब २४ घंटों में तिजोरी को खोलने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहा।

इनका कहना है

बैंक की तीन दिन की छुट्टी होने का फायदा उठाकर प्लानिंग से आरोपी बैंक के अंदर लूट के इरादे से घुसा था। जिसे पुलिसकर्मी ने तत्परता से पकड़ लिया। बैंक मैनेजर ने भी तजदीक के बाद किसी भी तरह के कीमती सामान या कैश के चोरी होने से इंकार किया है। मामले की जांच की जा रही है।

Created On :   27 Jun 2026 9:07 PM IST

Tags

Next Story