Chhindwara News: खटिया से नदी पार कराते वक्त हुई डिलेवरी, एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो जच्चा-बच्चा को बाइक से अस्पताल पहुंचाया

खटिया से नदी पार कराते वक्त हुई डिलेवरी, एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो जच्चा-बच्चा को बाइक से अस्पताल पहुंचाया
अमरवाड़ा के ग्राम हथोड़ा हिर्री के लोहरी मोहल्ले की एक प्रसूता और नवजात को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने परिवार व ग्रामीणों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। दरअसल लोहरी मोहल्ले तक पहंुचने के लिए नदी पार करना पड़ता है।

Chhindwara News: अमरवाड़ा के ग्राम हथोड़ा हिर्री के लोहरी मोहल्ले की एक प्रसूता और नवजात को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने परिवार व ग्रामीणों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। दरअसल लोहरी मोहल्ले तक पहंुचने के लिए नदी पार करना पड़ता है। बारिश के दिनों मंे इस मोहल्ले में रहने वाले 20 परिवारों से संपर्क टूट जाता है। बुधवार शाम एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर परिजन खटिया में लेटाकर उसे नदी पार करा रहे थे। इस दौरान खटिया पर ही गर्भवती की डिलेवरी हो गई। जैसे तैसे जच्चा-बच्चा को नदी पार कराया गया। लम्बे इंजतार के बाद एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो बाइक से जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया गया।

लोहरी मोहल्ला निवासी गोपाल विश्वकर्मा ने बताया कि बुधवार को भाभी 35 वर्षीय सविता पति शंकर विश्वकर्मा को प्रसव पीड़ा काफी बढ़ गई थी। एम्बुलेंस को कॉल किया गया और खटिया में लेटाकर गर्भवती को नदी पार कराया जा रहा था, इस दौरान रास्ते में डिलेवरी हो गई। नदी पार करने के बाद काफी देर तक एम्बुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन एम्बुलेंस नहीं आई। आखिरकार जच्चा-बच्चा को बाइक से अस्पताल पहुंचाना पड़ा। गोपाल का कहना है कि बारिश की वजह से अक्सर ऐसे हालात बनते है। मोहल्ले के 20 परिवारों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ता है।

ग्रामीणों का आरोप- नहीं आते प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि-

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार नदी में पुलिया और रोड बनाने की मांग की गई है, लेकिन जवाबदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं देते। जब भी कोई दिक्कत आती है तो पूरे गांव वाले मिलकर समस्या का समाधान ढूंढते है। स्कूली बच्चों को नदी पार कर स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार उक्त मामले को लेकर जनपद पंचायत से लेकर एसडीएम तक शिकायत कर चुके हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी--

एम्बुलेंस समय पर क्यों नहीं पहुंच पाई, इसकी जानकारी हमारे पास नहीं है। दरअसल एम्बुलेंस सेवा भोपाल से कंट्रोल होती है। इधर अमरवाड़ा अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है।

-डॉ.कुरुष ठाकुर, बीएमओ, अमरवाड़ा

Created On :   26 Jun 2026 4:36 PM IST

Tags

Next Story