Chhindwara News: युवक के गले में मारा था चाकू, 19 दिन बाद घायल ने तोड़ा दम, अब चाकूबाजी के मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाई जाएगी

युवक के गले में मारा था चाकू, 19 दिन बाद घायल ने तोड़ा दम, अब चाकूबाजी के मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाई जाएगी
शहर के बीच फव्वारा चौक पर बीती 6 जून की सुबह शराब पीने को लेकर दो युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया था। आरोपी युवक ने धारदार हथियार से युवक के गले पर वार किया था।

Chhindwara News: शहर के बीच फव्वारा चौक पर बीती 6 जून की सुबह शराब पीने को लेकर दो युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया था। आरोपी युवक ने धारदार हथियार से युवक के गले पर वार किया था। चाकूबाजी में घायल युवक ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 19 दिन बाद गुरुवार को दम तोड़ दिया है। कोतवाली पुलिस मामले के आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब इस प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।

पुलिस ने बताया कि पाठाढाना हाल ढिमराढाना निवासी 33 वर्षीय विक्रम पिता बहादुर चौहान अपने अन्य साथियों के साथ फव्वारा चौक शराब दुकान के पास बैठकर शराब पी रहा था। यहां पहुंचे पुष्पराज गोदरे ने उनकी शराब में से एक पेग पी लिया था। विक्रम ने मना किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान पुष्पराज गोदरे धारदार हथियार से विक्रम के गले पर वार कर फरार हो गया था। तब से विक्रम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान गुरुवार को विक्रम ने दम तोड़ दिया। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अब प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी जाएगी।

शराब और वाइटनर का नशा करता था आरोपी-

बताया जा रहा है कि आरोपी पुष्पराज शराब के साथ-साथ वाइटनर का भी नशा करता था। दो तरह के नशे की वजह से उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बची है। पुलिस ने वारदात के महज 45 मिनट बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। हत्या के प्रयास की धाराओं में आरोपी को जेल भेजा गया था। अब आरोपी पर हत्या का मामला कायम किया जाएगा।

Created On :   26 Jun 2026 4:38 PM IST

Tags

Next Story