चीनी प्रधानमंत्री ने 'कैंटन मेले के 70 वर्ष' संगोष्ठी में भाग लिया

चीनी प्रधानमंत्री ने कैंटन मेले के 70 वर्ष संगोष्ठी में भाग लिया
चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने मंगलवार को दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत की राजधानी क्वांगचो में आयोजित ‘कैंटन मेले के 70 वर्ष’ संगोष्ठी में भाग लिया।

बीजिंग, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने मंगलवार को दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत की राजधानी क्वांगचो में आयोजित ‘कैंटन मेले के 70 वर्ष’ संगोष्ठी में भाग लिया।

संगोष्ठी में विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के प्रतिनिधियों के विचार सुनने के बाद ली छ्यांग ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में कैंटन मेला चीन के खुलेपन और विकास के साथ आगे बढ़ा है। यह न केवल दुनिया के लिए चीन के खुलेपन का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बना है, बल्कि चीन को समझने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए एक अहम खिड़की भी है।

उन्होंने यह भी कहा कि कैंटन मेला दुनिया के चुनिंदा ऐसे व्यापारिक मंचों में शामिल है, जहां कारोबार करना आसान और सुविधाजनक है। यह मंच पारंपरिक वस्तुओं के व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ नए व्यापारिक क्षेत्रों के विकास की दिशा भी दिखाता है। इसके अलावा, यह चीन और दूसरे देशों के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग को मजबूत करने के साथ आपसी समझ और दोस्ती बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाता है।

ली छ्यांग ने कहा कि हाल के वर्षों में कैंटन मेले में भाग लेने वाली विभिन्न देशों की कंपनियों ने अपने कारोबार का दायरा बढ़ाया है। अब वे केवल व्यापारिक साझेदार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यापक सहयोग की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने इस बदलाव के तीन प्रमुख रुझानों का जिक्र किया।

पहला, व्यापारिक साझेदारी से नवाचार साझेदारी की ओर बढ़ने से विभिन्न देशों को तकनीकी प्रगति के लाभ साझा करने के अधिक अवसर मिलते हैं। चीन खुले और नवाचार को बढ़ावा देने वाले कारोबारी माहौल को विकसित करना जारी रखेगा। साथ ही, विदेशी निवेश से जुड़े बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा भी मजबूत करेगा।

दूसरा, व्यापारिक साझेदारी से निवेश साझेदारी की ओर बढ़ने से कंपनियों को नए बाजारों तक पहुंचने और कारोबार का विस्तार करने के अधिक अवसर मिलते हैं। चीन विदेशी निवेश के माहौल को बेहतर बनाने और बाजार में प्रवेश के अवसरों का विस्तार करने के लिए लगातार प्रयास करेगा।

तीसरा, व्यापारिक साझेदारी से औद्योगिक और आपूर्ति शृंखला की साझेदारी की ओर बढ़ने से कंपनियों की जोखिमों और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता मजबूत होती है। ली छ्यांग ने कहा कि चीन एक आधुनिक औद्योगिक व्यवस्था के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि चीन दुनिया भर की कंपनियों के अधिक निवेश का स्वागत करता है। साथ ही, उन्हें चीनी बाजार में अपनी भागीदारी बढ़ाने और आपसी लाभ पर आधारित व्यावहारिक औद्योगिक एवं आपूर्ति शृंखला सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चीनी और विदेशी कंपनियां वैश्विक मांग और आपूर्ति के बीच बेहतर तालमेल बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय नवाचार सहयोग को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इससे वैश्विक आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को और मजबूती मिलेगी।

इस संगोष्ठी में करीब 30 देशों और क्षेत्रों के लगभग 70 कारोबारी नेताओं ने भाग लिया। व्यापारिक प्रतिनिधियों ने कहा कि कैंटन मेला वैश्विक व्यापार के सबसे भरोसेमंद मंचों में से एक है। उन्होंने चीन की विकास संभावनाओं पर भरोसा जताया और कहा कि वे चीन के साथ सहयोग मजबूत करने, नवाचार के अनुभव साझा करने तथा आपसी लाभ और साझा सफलता को बढ़ावा देने के लिए उत्सुक हैं।

संगोष्ठी से पहले ली छ्यांग ने ‘कैंटन मेले के 70 वर्ष’ विषय पर आयोजित प्रदर्शनी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मेले से लंबे समय से जुड़े अनुभवी कर्मचारियों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र भेंट किए। इसके बाद उन्होंने उनके साथ समूह तस्वीर भी खिंचवाई।

गौरतलब है कि कैंटन मेले यानी चीन आयात-निर्यात मेले की शुरुआत 1957 में हुई थी। तब से इसका आयोजन हर साल दो बार किया जाता है। इस वर्ष इस मेले की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Oct 2026 9:28 PM IST

Tags

Next Story