चिराग पासवान ने बिहार प्रदेश कार्यालय में किया ध्वजारोहण, बोले- विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ें देशवासी

चिराग पासवान ने बिहार प्रदेश कार्यालय में किया ध्वजारोहण, बोले- विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ें देशवासी
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना स्थित पार्टी के बिहार प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया।

पटना, 15 अगस्त (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना स्थित पार्टी के बिहार प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया।

चिराग पासवान ने कहा कि आज के दिन सबसे महत्वपूर्ण है कि हम तमाम स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों और उनके परिवारों को याद करें। जिन लोगों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च समर्पण किया और अपना सब कुछ देश को समर्पित कर दिया, उन्हें नमन करना हमारा कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि पिछले आठ दशकों में देश को आगे ले जाने की सोच के साथ विकास का सफर तय किया गया है, लेकिन आने वाले दो दशक भारत और भारतीयों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं। ये दो दशक भारत को एक नए पड़ाव की ओर ले जाएंगे और विकसित भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

चिराग पासवान ने कहा कि 1947 में आजाद भारत में पहली बार तिरंगा लहराया गया था और अब 2047 में आजादी की सौवीं वर्षगांठ तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। इसके लिए सकारात्मक ऊर्जा और जोश की जरूरत है। हमें यह सोचने की जरूरत है कि पिछले आठ दशकों में हमने क्या हासिल किया, इसके बजाय आने वाले दो दशकों में भारत को कहां लेकर जाना है।

उन्होंने कहा कि आने वाले पांच, दस और पंद्रह वर्षों में हम अपने देश को कहां देखते हैं, इसी सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। भारत के विकास में देश के युवा और महिलाएं अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने देशवासियों से जात-पात, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर समावेश की भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास के लिए छोटे सपने नहीं, बल्कि बड़े सपने देखने की बात कही है। यदि हम विकसित भारत बनाने की कल्पना करते हैं तो प्रधानमंत्री की इस सोच का समर्थन करना होगा और बड़े लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ना होगा। छोटी सोच के साथ भारत जैसे विशाल देश को विकसित राष्ट्र नहीं बनाया जा सकता।

उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्यों के साथ आउट ऑफ बॉक्स थिंकिंग के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। साथ ही देशवासियों को उन अराजक ताकतों को पहचानने की जरूरत है, जो देश में अराजकता फैलाकर विकास की राह में बाधा डालना चाहती हैं। ऐसी ताकतों और ऐसी सोच को रोकने की आवश्यकता है। चिराग पासवान ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक बार फिर देशवासियों को बधाई देते हुए विकसित और एकजुट भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2026 3:04 PM IST

Tags

Next Story