चुनाव आयोग भाजपा के साथ, वोट कटवाने की साजिश अखिलेश यादव

चुनाव आयोग भाजपा के साथ, वोट कटवाने की साजिश अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह भाजपा के साथ मिलकर मतदाताओं के वोट कटवाने की साजिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि फर्जी दस्तखत के जरिए वोट कटवाने के मामले सामने आए हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

कानपुर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह भाजपा के साथ मिलकर मतदाताओं के वोट कटवाने की साजिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि फर्जी दस्तखत के जरिए वोट कटवाने के मामले सामने आए हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

बुधवार को कानपुर के एक दिवसीय दौरे के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से मतदाताओं में भय का माहौल बनाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरियों ने कई जगह फर्जीवाड़ा पकड़ा, लेकिन चुनाव आयोग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर कानपुर-इटावा-कन्नौज को “ट्रेड ट्रायंगल” के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानपुर के प्रतिष्ठित लाल इमली कारखाने को फिर से चालू किया जाएगा और शहर को उसकी पुरानी औद्योगिक पहचान दिलाई जाएगी।

सपा प्रमुख ने दावा किया कि पूर्व की सपा सरकार ने कानपुर में मेट्रो, पनकी और घाटमपुर में बिजली परियोजनाएं तथा अमूल प्लांट जैसे बड़े औद्योगिक निवेश दिए थे, जिससे क्षेत्र में रोजगार और विकास को गति मिली थी। उन्होंने कहा कि कानपुर उद्योग, रिसर्च और रोजगार के क्षेत्र में आगे है और सपा इसे और मजबूत करेगी।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नदियों की सफाई के नाम पर केवल दिखावा हुआ है और बजट का दुरुपयोग किया गया। कानून-व्यवस्था की स्थिति भी खराब है और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए यादव ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गरीबों को न तो दवाइयां मिल रही हैं और न ही जांच की सुविधा, जिससे उन्हें निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।

उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। शिक्षामित्रों के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि सपा सरकार आने पर उन्हें सम्मानजनक मानदेय और न्याय मिलेगा।

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अव्यवस्था चरम पर है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 April 2026 8:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story