चुनाव चिह्न धनुष-बाण को फ्रीज करने की मांग पर भड़के शंभूराज देसाई, बोले- यह बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा का अपमान
मुंबई, 20 अगस्त (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना के चुनाव चिह्न को लेकर चल रही सुनवाई के बाद महाराष्ट्र के मंत्री शंभूराज देसाई ने शिवसेना (यूबीटी) नेता अरविंद सावंत के बयान पर प्रतिक्रिया दी।
शंभूराज देसाई ने पत्रकारों से कहा, "आज सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना के चिह्न को लेकर सुनवाई के बाद (यूबीटी) नेता अरविंद सावंत बाहर आए और कहा कि अगर शिवसेना (यूबीटी) को धनुष-बाण चिह्न नहीं मिलता तो इस चिह्न को फ्रीज या सीज कर देना चाहिए।"
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री ने कहा कि यह बयान सुनकर महाराष्ट्र और देशभर के शिवसैनिक हैरान हैं। धनुष-बाण चिह्न ऐसा प्रतीक है जिसे शिवसेना संस्थापक और बालासाहेब ठाकरे अपने पूजा स्थल पर भगवान की तरह पूजते थे। चिह्न को फ्रीज करने की मांग करके अरविंद सावंत ने अप्रत्यक्ष रूप से बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा और हिंदुत्व की विचारधारा को भी फ्रीज करने की बात कह दी है।
कपिल सिब्बल ने कोर्ट में जज के सामने कहा है कि दोनों शिवसेना गुट के मुखिया उद्धव ठाकरे ही हैं। इस पर शंभूराज देसाई ने कहा, "हमने खुद यह बयान नहीं सुना है। अगर आज की बहस के दौरान ऐसी कोई बात उठी है तो हमारे सुप्रीम कोर्ट के वकील इसकी जानकारी पार्टी नेताओं को देंगे। जब हमारी बारी आएगी तो हमारे वकील सुप्रीम कोर्ट के सामने पार्टी का पक्ष भी रखेंगे।"
आदित्य ठाकरे सवाल उठ रहे हैं कि चिह्न चुराकर कोई मान्यता नहीं बन सकती। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शंभूराज देसाई ने कहा, "हम देश में संविधान में विश्वास रखते हुए काम करते हैं। चुनाव आयोग ने हमें धनुष-बाण चिह्न और नाम दिया है।"
शिवसेना में विभाजन के बाद से धनुष-बाण चिह्न और पार्टी के नाम को लेकर दोनों गुटों के बीच कानूनी लड़ाई चल रही है। चुनाव आयोग ने पहले एक गुट को असली शिवसेना मानते हुए चिह्न और नाम सौंपा था, जिसे (यूबीटी) गुट ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Aug 2026 1:17 PM IST












