सिनेमा जगत की वो खूबसूरत हसीना, जिसे महमूद बुलाते थे 'भाई', जिनकी मजबूरी बनी किस्मत की चाबी

सिनेमा जगत की वो खूबसूरत हसीना, जिसे महमूद बुलाते थे भाई, जिनकी मजबूरी बनी किस्मत की चाबी
सिनेमा जगत में एक ऐसी अभिनेत्री हुईं, जिनकी खूबसूरती, डांस और अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, लेकिन उनकी जिंदगी संघर्ष की मिसाल बन गई। उनके सगे भाई कॉमेडियन महमूद उन्हें प्यार से 'भाई' कहकर बुलाते थे। ये हैं मीनू मुमताज। परिवार की मजबूरी ने उन्हें बचपन में ही मेहनत की राह पर डाल दिया और वही मजबूरी बाद में उनकी किस्मत की चाबी साबित हुई।

मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। सिनेमा जगत में एक ऐसी अभिनेत्री हुईं, जिनकी खूबसूरती, डांस और अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, लेकिन उनकी जिंदगी संघर्ष की मिसाल बन गई। उनके सगे भाई कॉमेडियन महमूद उन्हें प्यार से 'भाई' कहकर बुलाते थे। ये हैं मीनू मुमताज। परिवार की मजबूरी ने उन्हें बचपन में ही मेहनत की राह पर डाल दिया और वही मजबूरी बाद में उनकी किस्मत की चाबी साबित हुई।

मीनू मुमताज का जन्म 26 अप्रैल 1942 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम मलिकुल निसा था। उनके पिता मुमताज अली उस समय के प्रसिद्ध अभिनेता और नर्तक थे। मीनू परिवार की सबसे छोटी बेटी थीं। उनके सबसे बड़े भाई थे दिवंगत अभिनेता व कॉमेडियन महमूद अली। परिवार में चार भाई और तीन बहनें थीं। बचपन से ही मीनू अपने पिता के साथ अलग-अलग शहरों में डांस के स्टेज शो करती थीं, लेकिन पिता की शराब की बुरी लत के कारण घर की हालत बहुत खराब थी। जितना भी पैसा कमाते, सब शराब में उड़ जाता। नतीजा यह होता कि छोटे-छोटे बच्चे भूखे सो जाते।

ऐसी परिस्थिति में नन्हीं मीनू ने फैसला किया कि वे स्टेज शो के साथ-साथ फिल्मों में भी काम करेंगी, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। उनकी मेहनत जल्द ही रंग लाई। साल 1955 में निर्देशक नानूभाई वकील ने उन्हें फिल्म 'सफी खातिम' में पहला मौका दिया। हालांकि, उन्हें असली सफलता साल 1956 में गुरुदत्त की सुपरहिट फिल्म 'सीआईडी' से मिली। इस फिल्म ने मीनू मुमताज को रातोंरात लोकप्रिय बना दिया।

इसके बाद उनकी किस्मत चमक उठी और उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में काम किया। वह सिर्फ खूबसूरत अभिनेत्री नहीं, बल्कि बेहतरीन डांसर भी थीं। उन्होंने हीरोइन के रोल के साथ-साथ कैरेक्टर रोल और साइड रोल भी किए। महमूद अपने छोटी बहन को 'भाई' कहकर पुकारते थे। उन्होंने एक बार कहा था, “मीनू मेरी छोटी बहन नहीं, मेरा बड़ा भाई है। जब मैं कुछ नहीं कर पा रहा था, तब वह कमाकर पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठा रही थी।”

मीनू ने कई साल पहले ही यह साबित कर दिया था कि लड़के और लड़कियों में कोई फर्क नहीं होता। मीनू बेहद खूबसूरत और शानदार डांसर थीं। जल्द ही उन्हें मुख्य भूमिकाएं भी मिलने लगीं। फिल्म 'ब्लैक कैट' में उन्होंने बलराज साहनी के साथ हीरोइन का रोल किया।

प्रसिद्ध डांसर हेलेन ने भी उनकी डांस की तारीफ की थी। साल 1963 में महमूद ने अपनी बहन की शादी बड़े धूमधाम से की। मीनू मुमताज का विवाह प्रोड्यूसर-डायरेक्टर-राइटर सैयद अली अकबर से हुआ। दंपति को चार बच्चे (बेटा एजाज और तीन बेटियां शहनाज, गुलनाज व महनाज) हुए।

जीवन के अंतिम दौर में मीनू मुमताज कनाडा में रह रही थीं। 23 अक्टूबर 2021 को 79 वर्ष की आयु में कनाडा में उनका निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, मीनू मुमताज उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 April 2026 6:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story