सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल विशाल भारद्वाज बोले, अगर लगे कुछ गलत हो रहा है तो समर्थन करें बड़े कलाकार
मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। मशहूर फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज हाल ही में मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए निर्देशक ने कहा कि ऐसे मुद्दों का समर्थन करना एक निजी पसंद है।
विशाल भारद्वाज ने कहा कि उन्हें इस प्रोटेस्ट के बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता है। वे बस अपना सपोर्ट देने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि किसी के साथ कुछ हुआ है। मैं सिर्फ यहां अपना समर्थन देने आया हूं। बॉलीवुड को इस मुद्दे का समर्थन करना चाहिए या नहीं, यह हर किसी का निजी मामला है। मैं बॉलीवुड का हिस्सा हूं, लेकिन बाकी लोग सोच सकते हैं कि बड़े सितारों को आगे आना चाहिए। यह हर किसी की अपनी पसंद है। अगर किसी को लगता है कि जो हो रहा है वह गलत है, तो उन्हें समर्थन में बाहर आना चाहिए। अगर उन्हें ऐसा नहीं लगता, तो वे न आने का फैसला कर सकते हैं।"
बॉलीवुड से शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह और सिंगर-कंपोजर विशाल ददलानी समेत कई लोग भी 2 अक्टूबर को सीजेपी द्वारा आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था। वे वोटर लिस्ट से जुड़ी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) की प्रक्रिया को रोकने की भी मांग कर रहे हैं। हालांकि चुनाव आयोग ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है और कहा है कि वोटर लिस्ट से नाम हटाने का मकसद डुप्लीकेट, मृत या अयोग्य वोटरों को हटाना था।
इस दौरान विरोध प्रदर्शन में बोलते हुए शबाना ने कहा, "हमारा वोट हमारा अधिकार है। यह हमारी आवाज है। हम बचपन से यही सुनते आ रहे हैं, लेकिन जब हमसे हमारा अधिकार ही छीन लिया जाता है, जब वोटर लिस्ट से हमारे नाम हटा दिए जाते हैं तो हम क्या करेंगे? हम विरोध करेंगे। यह हमारा अधिकार है। आज चारों तरफ देखिए जहां तक आपकी नजर जा रही है, यह लोकतंत्र की जीत है, क्योंकि हमने अपनी ताकत को पहचाना है और हमें एहसास हुआ है कि हमें कुछ भी गलत बर्दाश्त नहीं करना है, क्योंकि यह हमारा देश है। हमारे संविधान ने हमें यह अधिकार दिया है तो आप सभी को बहुत-बहुत बधाई।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2026 6:08 PM IST












