दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने स्व-गणना के माध्यम से जनगणना में विवरण दर्ज कराया
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि स्व-गणना के माध्यम से शुक्रवार को जनगणना में मैंने अपना विवरण दर्ज किया। यह प्रक्रिया आसान है और पूरी तरह सुरक्षित भी, जिससे हर नागरिक सहजता से इस अभियान से जुड़ सकता है।
उन्होंने लिखा कि सही जानकारी ही सही नीतियों की नींव बनती है। जब आंकड़े सटीक होते हैं, तभी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचता है और विकास सच में सबको साथ लेकर आगे बढ़ता है। सीएम रेखा ने लिखा कि मैं सभी दिल्लीवासियों से आग्रह करती हूं कि स्व-गणना में जरूर भाग लें। आपकी भागीदारी ही विकसित दिल्ली और विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी।
बता दें कि इससे पहले राजस्थान और झारखंड में भी जनगणना 2027 के अभियान की शुरुआत की गई। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनगणना 2027 के तहत 1 मई से प्रारंभ की गई स्व-गणना में स्वयं भाग लेते हुए आधिकारिक पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर फॉर्म सबमिट किया। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से इस महाअभियान में भाग लेने की अपील की।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार को लोक भवन में स्वयं की गणना करके राज्य में 'जनगणना 2027' की प्रक्रिया का औपचारिक रूप से शुभारंभ किया। इसके साथ ही, पूरे राज्य में जनगणना गतिविधियों का पहला चरण आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है।
झारखंड में भी जनगणना-2027 के महाअभियान की शुरुआत हो गई है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को रांची के लोकभवन में राज्य की 'स्व-गणना प्रक्रिया' की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने स्वयं अपनी व्यक्तिगत और आवासीय जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 May 2026 3:27 PM IST












