भोपाल दिग्विजय सिंह और मोहन यादव की मुलाकात, किसान हितों पर हुई चर्चा

भोपाल दिग्विजय सिंह और मोहन यादव की मुलाकात, किसान हितों पर हुई चर्चा
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। यह मुलाकात औपचारिक होने के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को लेकर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भोपाल, 1 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। यह मुलाकात औपचारिक होने के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को लेकर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

दिग्विजय सिंह ने इस दौरान प्रदेश के किसानों की समस्याओं, खासकर गेहूं उपार्जन से जुड़ी दिक्कतों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर किसानों को स्लॉट बुकिंग, खरीद केंद्रों पर भीड़ और समय पर उपज बेचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए, ताकि किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पर जानकारी दी कि राज्य सरकार गेहूं उपार्जन को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसानों की सुविधा के लिए हर जरूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि अब तक 80 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं उपार्जन के लिए स्लॉट बुक हो चुके हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे खुद इस पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि कहीं कोई गड़बड़ी या परेशानी न हो।

इस मुलाकात में सिर्फ किसानों के मुद्दे ही नहीं, बल्कि एक धार्मिक आयोजन का आमंत्रण भी दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री को अपने गृह क्षेत्र राघौगढ़ के ग्राम भैंसाना में होने वाले 151 कुंडीय "श्रीराम महायज्ञ" का आमंत्रण दिया। यह भव्य धार्मिक आयोजन 18 मई से 28 मई के बीच आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि दिग्विजय सिंह और उनका परिवार इस महायज्ञ के संरक्षक के रूप में जुड़े हुए हैं।

इस मुलाकात की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की। वहां बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा हुई और मुख्य रूप से गेहूं उपार्जन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर बातचीत की गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 May 2026 3:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story