नैनीताल कलेक्ट्रेट में अधिवक्ता पूरन सिंह की की खुदकुशी, कार में मिला सुसाइड नोट
नैनीताल, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड के नैनीताल में सोमवार को कलेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में एक कार के अंदर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है।
घटना के समय कलेक्ट्रेट और जिला न्यायालय परिसर में रोजाना की तरह अधिवक्ता अपने काम में व्यस्त थे। करीब 11:30 बजे कुछ अधिवक्ता पार्किंग क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर एक कार पर पड़ी। कार के अंदर पूरन सिंह भाकुनी खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उनके हाथ में पिस्टल देख मौके पर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस को मृतक के हाथ में पिस्टल और कार के डैशबोर्ड पर एक सुसाइड नोट मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि और पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, सुसाइड नोट में अधिवक्ता ने अपनी बीमारी से परेशान होने की बात लिखी है। नोट में लिखा वे अब जीवन का बोझ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अपने परिवार का ख्याल रखने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वकील के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी मामले की जांच की जाएंगी।
वहीं वकीलों का कहना है कि पूरन सिंह भाकुनी काफी सरल स्वभाव के थे, किसी को विश्वास नहीं हो रहा है कि वो इस तरह का कदम उठा लेंगे। वहां जब भी वे न्यायालय परिसर में आते थे, सबसे अच्छे से बोलते और लोगों की सहायता करने के लिए हमेशा खड़े रहते थे। हम लोग उनके परिजनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कभी हम लोगों को कुछ बताया भी नहीं था और लोगों को मोटिवेट करने का काम करते थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 April 2026 5:40 PM IST












