महिला टी20 भारत के खिलाफ वोल्वार्ड्ट की कप्तानी पारी, साउथ अफ्रीका ने 4-1 से जीती सीरीज

महिला टी20 भारत के खिलाफ वोल्वार्ड्ट की कप्तानी पारी, साउथ अफ्रीका ने 4-1 से जीती सीरीज
साउथ अफ्रीका ने सोमवार को भारतीय टीम के खिलाफ पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम की। इस टीम ने विलोमूर पार्क में खेले गए सीरीज के अंतिम मुकाबले को 23 रन से अपने नाम किया।

बेनोनी, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने सोमवार को भारतीय टीम के खिलाफ पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम की। इस टीम ने विलोमूर पार्क में खेले गए सीरीज के अंतिम मुकाबले को 23 रन से अपने नाम किया।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इस टीम को सुने लुस और कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 9 ओवरों में 75 रन की साझेदारी की।

सुने लुस 23 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 23 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम ने 82 के स्कोर तक ताजमिन ब्रित्ज (2) और एनेरी डर्कसेन (0) का विकेट भी खो दिया।

यहां से वोल्वार्ड्ट ने एनेके बॉश के साथ चौथे विकेट के लिए 22 गेंदों में 24 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। बॉश ने टीम के खाते में 8 रन का योगदान दिया। क्लो ट्रायॉन ने 12 रन और सिनालो जाफ्टा ने नाबाद 16 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से रेणुका ठाकुर, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में टीम इंडिया निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी। भारत की शुरुआत खराब रही। 2.2 ओवरों में टीम को शेफाली वर्मा (4) के रूप में महज 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद अनुष्का शर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 21 गेंदों में 2 चौकों के साथ 17 रन की पारी खेली। अनुष्का जब आउट हुईं, उस समय टीम का स्कोर 38/3 था।

यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भारती फुलमाली के साथ चौथे विकेट के लिए 29 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत 28 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

इसके बाद भारती ने दीप्ति शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 23 रन जुटाए, जबकि ऋचा घोष के साथ 19 रन की साझेदारी की। भारती ने 30 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 40 रन बनाए। ऋचा ने नाबाद 25 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

मेजबान टीम की तरफ से नॉनकुलुलेको म्लाबा और नादिन डी क्लार्क ने 2-2 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, एलिज-मारी मार्क्स, क्लोई ट्रायॉन और अयाबोंगा खाका ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 April 2026 8:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story