अफगानिस्तान पाकिस्तानी सेना के हमले में तीन की मौत, 45 लोग घायल, यूनिवर्सिटी को भी नुकसान
काबुल, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में हमले किए। इनमें तीन लोगों की मौत हो गई और 45 लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने प्रांतीय सूचना और संस्कृति विभाग के हवाले से यह जानकारी दी।
सूचना और संस्कृति निदेशक नजीबुल्लाह हनीफ ने पझवोक अफगान न्यूज से बात करते हुए बताया कि ये हमले दोपहर लगभग दो बजे (स्थानीय समय) हुए, जब पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन हमले किए और बाद में प्रांतीय राजधानी के आसपास के इलाकों पर तोपखाने से गोले दागे।
हनीफ ने कहा कि इन हमलों में तीन आम नागरिकों की मौत हुई है और 45 लोग घायल हुए। उन्होंने यह भी बताया कि सैयद जमालुद्दीन अफगान यूनिवर्सिटी की इमारत को भी नुकसान पहुंचा है, क्योंकि यूनिवर्सिटी कैंपस को भी निशाना बनाया गया था।
पझवोक अफगान न्यूज के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना कंधार के स्पिन बोल्डक जिले के लुक्मान गांव में मोर्टार से गोलाबारी कर रही है। वहीं, निवासियों ने कहा कि अफगान बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर हमले किए हैं।
इससे पहले दिन में खबर आई थी कि कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में अफगान सीमा बलों और पाकिस्तानी सेना के बीच हुई झड़प में छह पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे।
तनाव रविवार देर रात तब बढ़ गया, जब कथित तौर पर पाकिस्तानी सेना ने एक अफगान बच्चे को गोली मार दी। इसके बाद अफगान सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की।
अमू टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, “यह झड़प कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में हुई, जो दोनों देशों के बीच एक अहम सीमा पार करने का स्थान है। कंधार में तालिबान से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि इस मुठभेड़ में छह पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और एक को पकड़ लिया गया। एक अन्य सैनिक का शव भी तालिबान बलों ने बरामद किया।”
इस दौरान अफगान बलों ने कई हल्के और भारी हथियार भी जब्त कर लिए, जबकि फरवरी के अंत से दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव और हिंसक झड़पें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 April 2026 9:22 PM IST












