उद्घाटन: एसटी के बेड़े में 24 नई राजमाता जिजाऊ बसें शामिल, ग्रामीण रूटों पर चलेंगी कुल 100 बसें

एसटी के बेड़े में 24 नई राजमाता जिजाऊ बसें शामिल, ग्रामीण रूटों पर चलेंगी कुल 100 बसें
  • प्रमुख रूट: नागपुर–सावनेर, काटोल, रामटेक, जलालखेड़ा, नरखेड़, उमरेड-मांडळ, मौदा
  • एसटी के बेड़े में 24 नई राजमाता जिजाऊ बसें शामिल
  • बसों का वितरण: रामटेक (5), काटोल (5), सावनेर (5), वर्धा (5), वर्धमान नगर (4)

Nagpur News. एसटी यात्रियों को अब नई बसों की सुविधा मिलने जा रही है। सोमवार को महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) के बेड़े में ‘राजमाता जिजाऊ’ नाम की 24 नई बसें शामिल की गईं। पहले चरण में 50 बसें और दूसरे चरण में 50 बसें मिलेंगी। इस तरह नागपुर विभाग को कुल 100 बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। सदर स्थित जिला नियोजन भवन में आयोजित लोकार्पण समारोह में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 5 बसें रामटेक, 5 काटोल, 5 सावनेर, 5 वर्धा और 4 वर्धमान नगर डिपो को दी गई हैं। ये बसें नागपुर से सावनेर, काटोल, रामटेक, जलालखेड़ा, काटोल-नरखेड़, उमरेड-मांडळ और रामटेक-मौदा मार्गों पर संचालित की जाएंगी।

नई बसों के शुरू होने से लंबे समय से बसों की कमी झेल रहे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सस्ते और सुविधाजनक सफर के लिए एसटी बसें हमेशा से यात्रियों की पहली पसंद रही हैं। वर्तमान में नागपुर में शिवशाही एसी बसें, हिरकणी श्रेणी की बसें और पारंपरिक ‘लाल परी’ बसें संचालित हैं। हाल ही में ‘शिवाई’ नाम से ई-बसें भी शुरू की गई हैं। अब ‘राजमाता जिजाऊ’ बसों के जुड़ने से सेवा और मजबूत होगी।

दरअसल, लाल बसों की संख्या समयावधि पूरी होने के कारण तेजी से घट रही है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मांग को देखते हुए राज्य स्तर पर 3,000 नॉन-एसी ‘राजमाता जिजाऊ’ बसें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें से 100 बसें नागपुर विभाग को दी जा रही हैं। इन बसों का किराया लाल बसों के समान होगा और इनमें 55 से 60 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। इससे लाल बसों की कमी काफी हद तक पूरी होगी।

यह हैं सुविधाएं

नई बसों में सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक बस में 4 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे आपराधिक गतिविधियों और विवादों पर नियंत्रण रखा जा सके। इसके अलावा बसों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है और हर सीट पर पैनिक बटन उपलब्ध है, जिससे आपात स्थिति में यात्री तुरंत सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

एसटी के बेड़े में 24 नई ‘राजमाता जिजाऊ’ बसें शामिल

नागपुर विभाग को कुल 100 बसें (दो चरणों में) मिलेंगी

  • पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बसों को दिखाई हरी झंडी
  • बसों का वितरण: रामटेक (5), काटोल (5), सावनेर (5), वर्धा (5), वर्धमान नगर (4)
  • प्रमुख रूट: नागपुर–सावनेर, काटोल, रामटेक, जलालखेड़ा, नरखेड़, उमरेड-मांडल, मौदा
  • नई बसों से बसों की कमी से राहत मिलेगी
  • किराया लाल बसों (रेड बस) के बराबर
  • प्रति बस 55–60 यात्रियों की बैठने की क्षमता
  • राज्यभर में 3000 ‘राजमाता जिजाऊ’ नॉन-एसी बसें दी जा रही हैं
  • नागपुर में पहले से शिवशाही, हिरकणी, लाल परी और शिवाई (ई-बस) सेवाएं उपलब्ध

Created On :   27 April 2026 9:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story