- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कर्मचारियों के गंभीर आरोप - आठ घंटे...
हिंगना डी-मार्ट में शोषण: कर्मचारियों के गंभीर आरोप - आठ घंटे खड़े-खड़े करते हैं काम, फिर भी मिलता है आधा-अधूरा वेतन

Hingna News. वानाडोंगरी नगर परिषद क्षेत्र के हिंगना मुख्य मार्ग स्थित डी-मार्ट स्टोर में काम करने वाले मजदूरों ने प्रबंधन पर श्रम कानूनों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन नहीं मिल रहा है। साथ ही भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है। डीमार्ट हिंगना में करीब 300 से ज्यादा महिला-पुरुष कर्मचारी दो शिफ्ट में काम करते हैं। हर शिफ्ट 8 घंटे की है। आरोप है कि कंपनी द्वारा ‘प्रमोशन’ के लिए रखे गए कुछ कर्मचारियों को न तो निर्धारित वेतन मिलता है, न पीएफ और ईएसआईसी का लाभ दिया जा रहा है।
बोलेंगे तो नौकरी जाएगी
नाम न छापने की शर्त पर एक महिला कर्मचारी ने बताया कि, रोज 8 घंटे खड़े रहकर मेहनत करते हैं, पर तय वेतन नहीं मिलता है। प्रबंधन से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीएफ-ईएसआईसी के लाभ से भी वंचित रखा जा रहा है। ज्यादा समय तक काम कराते हैं, पर सुविधाएं कुछ नहीं है। नौकरी जाने के डर से लोग चुप हैं। प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए।
बैठने तक की सुविधा नहीं
स्टोर में ज्यादातर महिला कर्मचारी हैं, पर पूरे 8 घंटे खड़े रहकर काम करना पड़ता है। बैठने के लिए एक भी कुर्सी नहीं दी गई। कर्मचारियों ने बार प्रबंधन से मांग की कि शिफ्ट के बीच आराम के लिए बैठने की व्यवस्था की जाए, लेकिन उसे अनसुना कर दिया गया। ग्राहकों के लिए भी स्टोर में बैठने की कोई सुविधा नहीं है।
मजदूरों की मांग
पीड़ित कर्मचारियों ने श्रम विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बैठने की व्यवस्था, तय वेतन और सामाजिक सुरक्षा लाभ तुरंत लागू करने की अपील की है।
कानून क्या कहता है
महाराष्ट्र में अकुशल श्रमिक के लिए न्यूनतम वेतन 13,000 से 15,000 रुपये माह तय है। 20 से ज्यादा कर्मचारी होने पर पीएफ-ईएसआईसी भी अनिवार्य है। 8 घंटे से ज्यादा काम पर ओवरटाइम दोगुनी दर से देना होता है।
सब नियम के अनुसार
तुकाराम वाघमारे,जनरल मैनेजर, डी-मार्ट हिंगना ने कहा कि हमारे यहां जो भी कर्मचारी काम करते हैं, उन्हें नियम के अनुसार वेतन दिया जाता है। साथ ही पीएफ और ईएसआईसी भी दिया जाता है। हम सभी श्रम नियमों का पालन करते हैं।
शिकायत की जाएगी
विनायक इंगले, जिला मार्गदर्शक, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का कहना है कि हिंगना के डीमार्ट में कर्मचारियों को निर्धारित वेतन और अन्य सुविधा नहीं दी जाती है। इसकी शिकायत जिलाधिकारी और अन्य संबंधित विभाग से की जाएगी।
Created On :   27 April 2026 6:33 PM IST












