- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अंबाझरी के समीप बनेगा मनोरंजन...
प्रस्तावित मॉडल: अंबाझरी के समीप बनेगा मनोरंजन केंद्र और थीम पार्क, महामेट्रो ने निजी संस्थाओं से मंगाए प्रस्ताव

Nagpur News. मेट्रो रेल कॉरिडोर के लिए अंबाझरी स्थित क्रेजी कैसल एक्वा पार्क को हटाने के बाद अब महामेट्रो ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के मनोरंजन केंद्र, थीम पार्क और व्यावसायिक केंद्र को प्रस्तावित किया है। इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत तैयार करने की योजना है। महामेट्रो ने क्रेजी कैसल की 5.3 एकड़ जमीन पर प्रोजेक्ट के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) जारी की है।
2051 तक लीज
करीब 5 साल पहले इस स्थान पर विश्व के सात अजूबों को साकार करने का प्रयास किया गया था, लेकिन 23 सितंबर 2023 को अंबाझरी में बाढ़ के चलते प्रोजेक्ट को रोकना पड़ा था। अब नए सिरे से मनोरंजन पार्क समेत अन्य सुविधाओं के लिए महामेट्रो ने प्रस्ताव मांगा है। प्रस्ताव में चयनित निजी एजेंसी को प्रोजेक्ट में डिज़ाइन, निधि, निर्माण, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी लेनी होगी। इसके लिए प्रशासन से जमीन आवंटन के लिए साल 2051 तक लीज को बढ़ा कर दिया गया है।
यह भी पढ़े -डीबीए चुनाव के कड़े मुकाबले के बीच पूर्व अध्यक्ष प्रकाश जयस्वाल ने एक बार फिर जीत का परचम लहराया, गुल्हाने बने सचिव
निजी एजेंसी को मनोरंजन पार्क, थीम पार्क की टिकट बिक्री, कार्यक्रम आयोजन, विज्ञापन और व्यावसायिक दुकानों को लीज पर देकर आमदनी लेने की अनुमति होगी। एजेंसी से अनुबंध के समाप्त होने के बाद थीम पार्क समेत सभी सुविधाओं को महामेट्रो को हस्तांतरण की जाएगी। हालांकि एजेंसी को नाग नदी के जल प्रवाह क्षेत्र को पूरी तरह से सुचारू रखने और प्रदूषण से सुरक्षा की गारंटी देनी होगी।
ऐसा होगा प्रस्तावित प्रोजेक्ट
पीपीपी मॉडल में मनोरजंन थीम पार्क का निर्माण होगा। करीब 5.3 एकड़ जमीन पर बनने वाले थीम पार्क में से 4.96 एकड़ क्षेत्र में थीम और मनोरंजन सुविधा रहेगी, जबकि 1752 वर्ग मीटर क्षेत्र में व्यावसायिक केंद्र बनाया जाएगा। ताजमहल, एफिल टावर, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी रूपी विश्व अजूबों की प्रतिकृतियों को भी शामिल किया गया है। मनोरंजन क्षेत्र में सभी आयु समूह के लिए झूले और एडवेंचर जोन बनाए जाएंगे। बॉलिंग एली और डिजिटल गेमिंग, इनडोर मनोरंजन केंद्र के साथ ही रेस्तरां, फूड कोर्ट और रिवाल्विंग रेस्तरां भी होंगे। विविध व्यावसायिक सामग्री के लिए प्रदर्शनी केंद्र और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अत्याधुनिक हॉल भी बनाया जाएगा।
इच्छुक एजेंसियों से प्रस्ताव मांगे
महामेट्रो के उपमुख्य जनसंपर्क अधिकारी अखिलेश हलवे का कहना है कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी योजना में निजी एजेंसियों ने अभिरुचि का प्रस्ताव मंगाया गया है। कंपनी से पुराने ढांचों का जीर्णोद्धार, नए निर्माणकार्य समेत व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन को लेकर प्रस्ताव मिलने पर अंतिम फैसला किया जाएगा।
Created On :   26 April 2026 7:22 PM IST












