- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 5 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा...
Nagpur News: 5 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा गया राजस्व सहायक, नागपुर में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई

Nagpur News शहर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) ने राजस्व विभाग के एक कर्मचारी को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई सुनियोजित सापळा (ट्रैप) के तहत की गई, जिससे सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय शिकायतकर्ता ने अपने शिवाजीनगर, महाल स्थित नजूल प्लॉट (कुल 1135 वर्गफुट) पर हुए निर्माण से जुड़े मामले में अतिरिक्त जिल्हाधिकारी कार्यालय (स्लम) में अपील दाखिल की थी। इस अपील को निपटाने के लिए जिल्हाधिकारी कार्यालय में कार्यरत राजस्व सहायक नरेश साधूरावजी बर्वे (54) ने 5 लाख रुपए की मांग की थी।
दो दिन की जांच में खुली रिश्वतखोरी की पोल : एसीबी ने 17 और 20 अप्रैल 2026 को शिकायत की प्राथमिक जांच की। इस दौरान आरोपी ने स्पष्ट रूप से 5 लाख रुपए की मांग दोहराई और रिश्वत लेने की सहमति भी जताई। इसके बाद एसीबी टीम ने सापळा रचने की योजना बनाई। देर रात घर के पास बुलाकर ली रिश्वत 24 अप्रैल को आरोपी ने शिकायतकर्ता को फोन कर अपने घर के पास बुलाया और रात 11 से 12 बजे के बीच पैसे लेकर आने को कहा। तय योजना के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे जब शिकायतकर्ता ने पंच के सामने आरोपी को 5 लाख रुपए दिए, उसी वक्त एसीबी टीम ने दबिश देकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
नोटों में निकला बड़ा खेल : जांच के दौरान आरोपी के पास से कुल 5 लाख रुपए बरामद किए गए। इसमें 500 रुपए के 100 असली नोट और 900 नकली नोट शामिल थे, जिन पर ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखा हुआ था। इस पहलू की भी अब गहन जांच की जा रही है कि नकली नोटों का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
मोबाइल जब्त, घर की तलाशी जारी : कार्रवाई के दौरान आरोपी का एप्पल कंपनी का आईफोन 13 भी जब्त किया गया है। साथ ही उसके घर की तलाशी प्रक्रिया जारी है, जिसमें और अहम सबूत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी : नंदनवन पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार प्रतिबंध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लिया गया है और औपचारिक गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उप अधीक्षक भारती गुरनुले ने किया, जबकि जांच अधिकारी के रूप में पुलिस निरीक्षक विवेक पडघान मामले की तह तक जाने में जुटे हैं। नागपुर में इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए एजेंसियां अब पूरी तरह सक्रिय हैं।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने RSS की तारीफ की, कहा मोहन भागवत के कार्यकाल में कुछ बड़ा होगा
Created On :   25 April 2026 6:20 PM IST













