शिकंजा: दो दुकानों से नकदी और कपड़े चोरी, ई-सिगरेट विक्रेता के घर पर छापे में दो लाख से अधिक का प्रतिबंधित माल जब्त

दो दुकानों से नकदी और कपड़े चोरी, ई-सिगरेट विक्रेता के घर पर छापे में दो लाख से अधिक का प्रतिबंधित माल जब्त

AI Photo

  • दो दुकानों में चोरी की वारदातें सामने आईं
  • ई-सिगरेट विक्रेता के घर पर छापा

Nagpur News. लकड़गंज थाना क्षेत्र में दो दुकानों में चोरी की वारदातें सामने आईं है, जहां अज्ञात आरोपियों ने नकदी और कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनकी तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। लकड़गंज निवासी दीपेश सचदेव (27) की सीए रोड, आंबेडकर चौक के पास ‘आयुष सचदेव मेन्सवेअर’ नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ब्लेज़र, डिजाइनर कुर्ते सहित अन्य कपड़ों के गठ्ठे चुरा ले गए। इसके बाद आरोपियों ने पास ही जय हनुमान अपार्टमेंट स्थित शॉप नंबर जी-1/2 के ताले तोड़कर वहां से करीब 12 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। दोनों दुकानों से कुल मिलाकर लगभग 7 लाख 80 हजार रुपए के माल की चोरी हुई है। सुबह घटना का पता चलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने पुलिस पर रात्रिकालीन गश्त में लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

ई-सिगरेट विक्रेता के घर पर छापा- दो लाख से अधिक का प्रतिबंधित माल जब्त

इसके अलावा शहर में ई-सिगरेट की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा की मादक पदार्थ विरोधी टीम ने गुरुवार रात एक आरोपी के घर पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है। जब्त माल और आरोपी को पांचपावली थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी की पहचान वैभव विकास कांबले (29), निवासी बाबा बुद्ध नगर के रूप में हुई है। ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत नशा विक्रेताओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उसके घर पर दबिश दी गई। छापे के दौरान विभिन्न फ्लेवर की 112 ई-सिगरेट बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 2 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा एक दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 3 लाख 32 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन ई-सिगरेट के जरिए युवाओं को नशे की लत लगा रहा था। मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Created On :   24 April 2026 6:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story