बड़ी कार्रवाई: नकली दवा निर्माताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज, मरीजों की जान से हो रहा था खिलवाड़

नकली दवा निर्माताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज, मरीजों की जान से हो रहा था खिलवाड़
  • शांति नगर थाना पुलिस और अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) की संयुक्त टीम ने मारा छापा
  • आधा दर्जन डिस्ट्रीब्यूटर्स और निर्माताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज

Nagpur News. तुलसी नगर स्थित हिताशी फार्मास्युटिकल्स में शांति नगर थाना पुलिस और अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) की संयुक्त टीम ने छापा मार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विभिन्न कंपनियों की दवाइयों का जखीरा बरामद किया। इस कार्रवाई के बाद आधा दर्जन डिस्ट्रीब्यूटर्स और निर्माताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

आरोपियों में मेसर्स हिताशी फार्मास्युटिकल्स (तुलसी नगर, नागपुर), मेसर्स एन.आर. मित्र डिस्ट्रीब्यूटर्स (मुंबई), मेसर्स आर.आर.टी. फार्मा (पनवेल, नई मुंबई), मेसर्स एन.आर. मित्र डिस्ट्रीब्यूटर्स (हैदराबाद), दानिश खान (दिल्ली) तथा राजू कुमार मिश्रा (चंडीगढ़) शामिल हैं। यह पूरा मामला 19 सितंबर से 17 दिसंबर 2025 के बीच का बताया जा रहा है।

अन्न एवं औषधि विभाग को हिताशी फार्मास्युटिकल्स में नकली दवाओं की बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर शांति नगर पुलिस के साथ संयुक्त छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न शहरों से मंगाई गई दवाओं का बड़ा स्टॉक बरामद हुआ, जो जांच में नकली पाया गया। इन दवाओं की बिक्री कर मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हिताशी फार्मास्युटिकल्स के संचालक से पूछताछ की गई। उसने दावा किया कि उसे संबंधित कंपनियों की जानकारी नहीं है, हालांकि जिन डिस्ट्रीब्यूटर्स से दवाएं मंगाई गईं, उनके नाम उसने बताए हैं।

यह भी पढ़े -विदेश जाने वालों का एम्स में होगा येलो फीवर का टीकाकरण

छह महीने से जांच में जुटा था विभाग

बरामद दस्तावेजों के आधार पर विभाग पिछले छह महीनों से नकली दवा बनाने वाली कंपनियों की तलाश में जुटा था। जांच में सामने आया कि कई दवाओं पर दर्ज पते फर्जी हैं, जिससे कंपनियों का सही ठिकाना पता नहीं चल पाया। हिताशी के संचालक से प्राप्त बिल और दस्तावेजों के आधार पर अब संबंधित कंपनियों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।

बड़े खुलासे की संभावना

सूत्रों के अनुसार, यदि मामले की गहन जांच की जाती है तो नकली दवाओं के इस गोरखधंधे का बड़ा नेटवर्क उजागर हो सकता है। इस कार्रवाई के बाद दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।

Created On :   24 April 2026 6:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story