Nagpur News: शादी के सपने दिखाकर दो महिलाओं का शोषण , सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भी आरोपी

शादी के सपने दिखाकर दो महिलाओं का शोषण , सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भी आरोपी
दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आए

Nagpur News शहर में 24 घंटे के भीतर महिलाओं के साथ दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिनमें एक आरोपी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी है। दोनों घटनाओं में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और आर्थिक ठगी की गई है। मामलों के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।

मजबूरी का फायदा उठाया : पुलिस के अनुसार पांचपावली थाना क्षेत्र में पुलिस से सेवानिवृत्त आरोपी सुरेश विश्वनाथ शेजोल (57) ने 50 वर्षीय विधवा महिला को शादी का झांसा देकर फंसा लिया। आरोपी ने अपने शादीशुदा होने की बात पीड़िता से छिपाई और उसका वर्ष 2011 से 2025 के बीच शारीरिक, मानसिक शोषण करते रहा। महिला का एक बेटा विदेश में है। इसी का फायदा उठाकर शेजोल ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं। उसने अलग-अलग बहानों से महिला से पैसे भी ऐंठे। महिला के साथ विदेश यात्रा तक की, लेकिन शादी के लिए टालमटोल करता रहा। आरोपी की असलियत का पता चलने पर उसने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उसके निजी फोटो परिजनों को भेजकर दबाव बनाने की कोशिश भी की। पीड़िता की शिकायत पर पांचपावली पुलिस ने दुष्कर्म और धमकी का मामला दर्ज किया है।

प्रेमजाल में फंसाकर शोषण : तहसील थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय परिचारिका युवती की पहचान अमरावती निवासी सैफ सैयद (22) से इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक नागपुर आकर मिलने लगा। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर युवती के साथ जबरन संबंध बनाए और कई बार अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसका शोषण किया। इस दौरान उसने युवती से पैसे भी लिए और मोबाइल फोन अपने पास रख लिया। बाद में फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराता रहा और अंततः शादी से इनकार कर दिया। तंग आकर युवती ने तहसील पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।


Created On :   24 April 2026 2:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story