Nagpur News: मैला ढोने की प्रथा पर रोक, फिर भी चेंबर में उतर रहे सफाई कर्मचारी

मैला ढोने की प्रथा पर रोक, फिर भी चेंबर में उतर रहे सफाई कर्मचारी
मशीन और संसाधनों का अभाव, मनपा के स्मार्ट दावों के लिए नहीं पर्याप्त वाहन

Nagpur News सीवेज सफाई के लिए मजदूरों के चेंबर में उतरने पर पूरी तरह से पाबंदी है, इसके बावजूद बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मनपा के सफाई कर्मचारी सफाई के लिए चेंबर में उतर रहे हैं। सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से 5 जोन में सेक्शन और जेट मशीन उपलब्ध कराया गया है, जबकि 5 अन्य जोन कार्यालयों में कबाड़ नीति के तहत सेक्शन और जेट मशीन वाले वाहनों को हटा दिया गया है। चेंबर के भीतर ब्लाक और जमा कचरे को हटाने के लिए सफाई कर्मचारी लोहे की छड़ अथवा फावड़े का इस्तेमाल कर रहे हैं। धरमपेठ जोन के कर्मचारी ने भी प्राथमिक तौर पर चेंबर में उतरना स्वीकार किया है।

सफाई करते मिला मजदूर : दो दिन पहले धरमपेठ जोन में प्रभाग क्रमांक 15 के शिवाजी नगर के बास्केट बॉल मैदान परिसर में कांग्रेस के नगरसेवक अभिजीत झा ने चेंबर सफाई करते हुए मजदूर को पाया था। सफाई के लिए मजदूर को चेंबर के भीतर उतार कर रस्सी और बाल्टी की सहायता से मलबा निकाला जा रहा था। इस मामले के सामने आने पर आयुक्त डॉ. विपिन ने तत्काल जांच करने का निर्देश दिया था। अब धरमपेठ जोन के सहायक आयुक्त को मामले की जांच करनी है। प्रभाग के जमादार धनपाल भिमटे और सफाई कर्मचारी सुरेश वानखेड़े को नोटिस देकर पक्ष पूछा गया है। दोनों कर्मचारियों का पक्ष सुनने के बाद मामले में सहायक आयुक्त आगे की कार्रवाई की सिफारिश करेंगे।

पूरे मामले में जांच के निर्देश : शहर में भूमिगत अथवा गहरे चेंबरों में किसी भी मजदूर को नहीं उतारा जाता है। शिवाजी नगर के मामले में संबंधित कर्मचारी के मुताबिक चेंबर में पत्थरों को निकालने के लिए उतरा गया था। इस मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. गजेन्द्र महल्ले, मुख्य स्वच्छता अधिकारी, घनकचरा व्यवस्थापन विभाग, मनपा


Created On :   24 April 2026 1:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story