Nagpur News: रेलवे टिकट की कालाबाजारी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़

रेलवे टिकट की कालाबाजारी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़
अवैध ई-टिकटिंग रैकेट पर कार्रवाई

Nagpur News मध्य रेलवे नागपुर मंडल ने अवैध ई-टिकटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। सीआईबी/नागपुर की टीम को मुख्यालय से प्राप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। जांच के दौरान मोहम्मद असलम तुम्बी नामक व्यक्ति टीम के सामने आया। उसके मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि वह कई व्यक्तिगत यूजर आईडी का दुरुपयोग कर रेलवे के ई-टिकट बना रहा था।

जांच में कुल 07 यूजर आईडी बरामद हुईं, जिनमें से 6 सक्रिय रूप से इस्तेमाल हो रही थीं। इन आईडी के जरिए आरोपी ने 05 लाइव ई-टिकट (कुल मूल्य ₹13,609.85), 62 पहले उपयोग किए जा चुके टिकट (कुल मूल्य ₹83,408.70) बनाए गए पाए गए। इस प्रकार कुल 67 ई-टिकट (कुल मूल्य ₹97,018.55) जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्राहकों से टिकट बुकिंग पर मूल किराए के अलावा ₹30 से ₹50 प्रति टिकट अतिरिक्त कमीशन वसूलता था। इस अवैध धंधे के लिए वह अपनी पत्नी के नाम से चल रहे बैंक खाते का इस्तेमाल कर रहा था।

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आरोपी के कब्जे से 67 ई-टिकट और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया। आरोपी मोहम्मद असलम तुम्बी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ नागपुर को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है। मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत आधिकारिक ऐप्स और काउंटरों से ही टिकट बुक करें तथा किसी भी अनधिकृत एजेंट या दलाल से दूर रहें। आरपीएफ और सीआईबी की इस कार्रवाई से अवैध टिकटिंग रैकेट पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी और यात्रियों को सही दाम पर टिकट उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

गर्मियों में बढ़ जाती है टिकटों की कालाबाजारी : गर्मी में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। जिसके कारण कई गाड़ियों में रीग्रेट की स्थिति बन जाती है। ऐसे में रेल टिकटों की कालाबाजारी करनेवालें भी सक्रीय हो जाते हैं। विभिन्न सॉफ्टवेअर की मदद से रेल टिकटों की कालाबाजारी करते हैं। जिसके कारण यात्रियों को आसानी से टिकटे नहीं मिलती है। वही इनसे टिकटें खरीदने पर महंगी टिकटें खरीदनी पड़ती है।


Created On :   24 April 2026 4:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story