Nagpur News: आसमान में दिखी रोशनी की रेल, शहर के लोगों में कौतूहल

आसमान में दिखी रोशनी की रेल, शहर के लोगों में कौतूहल
दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया लोगों ने

Nagpur News शहर के बाहरी इलाके बहादुरा में उस समय सनसनी फैल गई, जब आसमान में एक कतार में दर्जनों चमकीली वस्तुएं चलती दिखाई दीं। इसे देखते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और देखते ही देखते यह चर्चा का विषय बन गया कि क्या यह कोई उड़न तश्तरी है या कोई खगोलीय घटना।

बहादुरा निवासी रजत चौधरी ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया और जानकारी साझा की। रजत के अनुसार, रात के समय अचानक आसमान में एक सीधी रेखा में रोशनी के बिंदु दिखाई दिए, जो धीमी गति से एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे थे। एक के पीछे एक करीब 30-40 रोशनी के गोले ट्रेन की तरह चले जा रहे थे। पहले तो हम सब डर गए थे कि यह क्या है, लेकिन दृश्य इतना अद्भुत था कि हमने इसे तुरंत रिकॉर्ड कर लिया।'

वीडियो वायरल : बहादुरा में इसलिए दिखा साफ : शहर के मुख्य हिस्सों की तुलना में बहादुरा जैसे बाहरी इलाकों में "लाइट पॉल्यूशन' कम होने के कारण आसमान अधिक साफ नजर आता है, इसीलिए वहां के निवासियों को यह "रोशनी की रेल' अधिक स्पष्ट और चमकीली दिखाई दी। सोशल मीडिया पर अब रजत चौधरी द्वारा भेजा गया यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

विशेषज्ञों की राय : यह "स्टारलिंक' है - खगोल विज्ञान के जानकारों ने स्पष्ट किया है कि यह कोई परग्रही घटना नहीं है। यह एलन मस्क की कंपनी "स्पेसएक्स' के स्टारलिंक सैटेलाइट्स हैं। कंपनी दुनिया भर में सैटेलाइट इंटरनेट पहुंचाने के लिए इन्हें समूहों में लॉन्च करती है। जब ये सैटेलाइट्स अपनी कक्षा (ऑर्बिट) में सेट हो रहे होते हैं, तो पृथ्वी के निचले हिस्से से एक कतार में चमकते हुए दिखाई देते हैं।


Created On :   25 April 2026 3:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story