Nagpur News: गांजा, बंदूक और दहशत का नेटवर्क ,नागपुर ग्रामीण में 3 आरोपियों की गैंग पर मकोका की बड़ी कार्रवाई

  • एमआईडीसी बोरी पुलिस की सख्ती
  • गैंग लीडर समेत तीन पर शिकंजा
  • पहले भी कई संगीन मामले दर्ज

Nagpur News ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और हथियारों के जरिए इलाके में दहशत फैलाने वाली अलग- अलग तीन आरोपियों की गैंग पर मकोका की बड़ी कार्रवाई की। एक कार्रवाई के तहत तीन आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगा दिया है। एमआईडीसी बोरी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन में की। दूसरी कार्रवाई देवलापार थानांतर्गत सक्रिय गिरोह पर की गई है। दोनों कार्रवाई में 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

एमआईडीसी बोरी थानांतर्गत जिन आरोपियों पर कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया है, उनमें गैंग का सरगना आरोपी अभिनेष उर्फ अभिषेक उर्फ अण्णा देवशंकर बरमे उर्फ वर्मा (24), विजय भिक्कुजी महाकालकर (33) और जंगतसिंग अंगतसिंग दुधानी (41) शामिल हैं। गत 2 अप्रैल 2026 को ग्रामीण अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए विजय महाकालकर को 1.114 किलो गांजा और एक बंदूक के साथ पकड़ा था। पूछताछ में सामने आया कि गांजा सप्लाई गैंग लीडर अभिनेष उर्फ अभिषेक करता था, जबकि हथियार जंगतसिंह उपलब्ध कराता था। जांच में खुलासा हुआ कि यह गैंग संगठित तरीके से चोरी, हथियार रखना, मारपीट, धमकी और ड्रग्स सप्लाई जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त है। सरगना अभिनेष उर्फ अभिषेक के खिलाफ एमआईडीसी बोरी, कलमेश्वर और शहर के कई थानों में पहले से मामला दर्ज हैं। पुलिस ने कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की, लेकिन गैंग की गतिविधियां जारी रहीं। आखिरकार पुलिस ने मकोका के तहत प्रस्ताव भेजा, जिसे विशेष पुलिस महानिरीक्षक ने मंजूरी दी। अब तीनों आरोपियों पर कड़ी धाराएं लगाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मध्यप्रदेश से नागपुर तक फैला गैंग: देवलापार पुलिस ने 5 आरोपियों पर मकोका लगाकर तोड़ी कमर

देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया सरगना; हत्या की कोशिश समेत कई संगीन अपराधों में शामिल : ग्रामीण क्षेत्र के देवलापार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी चोट करते हुए पांच आरोपियों की गैंग पर मकोका लगा दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के निर्देशन में की गई। जिन आरोपियों पर यह कार्रवाई की गई है। उनमें गैंग का सरगना दानिश अब्दुल गफूर आफ्रिदी (25), निवासी जबलपुर (मध्यप्रदेश), अपने चार साथियों के साथ मिलकर नागपुर और मध्यप्रदेश में आपराधिक गतिविधियां चला रहा था। गत 4 मार्च 2026 को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कार क्रमांक (एम पी 28- सी बी- 3008) से दानिश को एक देसी माउजर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।

जांच के दौरान सामने आया कि यह गैंग आर्थिक लाभ और इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए संगठित रूप से अपराध करता था। हत्या का प्रयास, अवैध हथियार रखना, गैंग बनाकर हमला करना, गंभीर मारपीट और धमकी जैसे कई मामले नागपुर और मध्यप्रदेश के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने पहले भी आरोपियों पर कार्रवाई की, लेकिन गैंग लगातार सक्रिय रही। इसके बाद देवलापार पुलिस ने मकोका के तहत प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा, जिसे मंजूरी मिल गई। दानिश को गिरफ्तार किया गया है। उसके बाकी फरार साथियों की तलाश की जा रही है। अब इस गैंग पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने साफ कर दिया है कि संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Created On :   25 April 2026 6:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story