धोखाधड़ी: शक्कर की सौदेबाजी में व्यापारी को लगाया 2.62 करोड़ का चूना, सांगली- सोलापुर और पुणे के व्यवसायियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

शक्कर की सौदेबाजी में व्यापारी को लगाया 2.62 करोड़ का चूना, सांगली- सोलापुर और पुणे के व्यवसायियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
  • सांगली, सोलापुर और पुणे के व्यवसायियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
  • शहरों के पांच व्यापारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है

Nagpur News. शक्कर आयात व निर्यात की आड़ में व्यापारी को ढाई करोड़ रुपए से चूना लगाया गया है। मामले के खुलासे के बाद जूनी कामठी थाने में विविध शहरों के पांच व्यापारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी होना बाकी है।

धोखाधड़ी की पुष्टि

कल्पतरू कॉलोनी कामठी निवासी व्यापारी विजय भगवानदास झमतानी (57) का थोक में प्रो. भावेश सेल्स के नाम से शक्कर आयात-निर्यात का कारोबार है। उसके यहां से विशेष तौर पर मिठाई के लिए शक्कर खरीदी-बिक्री की जाती है। उसके पहले विजय ने राजू नेताजी मोरे (36) सांगली, रफीक बाबा शेख (39) कुंभारगांव सोलापुर, गजाला रफीक शेख (43) पुणे, मनोज बाबा शेख पुणे और ओमकार विनायक पोवार (37) सांगली निवासी से शक्कर खरीदी की थी।

आर्डर के मुताबिक माल भेजने से उनके बीच व्यापारिक संबंध बने, तो विजय ने ज्यादा शक्कर का आर्डर दिया। इस आर्डर के मुताबिक 21 अक्टूबर 2025 से 10 जनवरी 2026 के बीच में उक्त व्यापारियों को 2 करोड़ 62 लाख 25 हजार रुपए दिए। रकम देने के बाद भी आरोपी व्यापारियों ने विजय को शक्कर नहीं भेजी और न ही उसे उसकी रकम लौटाई।

रकम वापस करने में टालमटोल रवैया होने से विवाद हुआ। मामला थाने पहुंचा। जांच-पड़ताल के दौरान धोखाधड़ी की पुष्टि होने से उक्त आरोपी व्यापारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी होना बाकी है।

Created On :   26 April 2026 6:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story