- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- विश्वशांति के लिए निकली भव्य धम्म...
विचारधारा का प्रसार: विश्वशांति के लिए निकली भव्य धम्म रथयात्रा, हजारों अनुयायियों ने दिया शांति और एकता का संदेश

Nagpur News. बौद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को भव्य ‘विश्वशांति धम्म रथयात्रा’ निकली। बुद्धिस्ट कन्सॉर्टियम के तत्वावधान में निकाली गई इस भव्य रथयात्रा ने पूरे शहर में शांति, सद्भाव और धम्म का संदेश फैलाया। धम्म रथयात्रा में हजारों बौद्ध अनुयायी शामिल हुए। जगह-जगह इसका पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। शाम 5 बजे भीम चौक, जरीपटका से प्रारंभ हुई धम्म रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई अंततः दीक्षाभूमि पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा का मार्ग इंदोरा चौक, दस नंबर पुलिया, कडबी चौक, गड्डी गोदाम चौक, एलआईसी चौक, संविधान चौक, वेरायटी चौक, भोले पेट्रोल पंप, जीएस कॉलेज, रवी नगर चौक, रामनगर चौक, शंकर नगर चौक, बजाज नगर चौक और काचीपुरा चौक से होकर गुजरा।
यह भी पढ़े -पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा - जीवन का उद्देश्य ईश्वर से जुड़ाव में निहित है, भव्य रामकथा का दिव्य शुभारंभ
स्तूप की प्रतिकृतियां रही आकर्षण का केंद्र
इस दौरान पूरे मार्ग में बौद्ध अनुयायियों का उत्साह देखने लायक था। हजारों उपासक-उपासिकाएं, भंते, विदेश से आये भंते और अनुयायी इस यात्रा में शामिल हुए। 14 आकर्षक धम्म रथ, जिनमें बुद्ध और स्तूप की प्रतिकृतियां सजी थीं, विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा स्तूप आधारित मुख्य रथ, लेझिम पथक, ढोल-ताशा दल, साउंड सिस्टम वाहन, विंटेज कार तथा समता सैनिक दल का अनुशासित पथसंचलन भी यात्रा की भव्यता बढ़ा रहा था। 15 अंतरराष्ट्रीय ध्वजों के साथ निकली यह यात्रा वैश्विक शांति का प्रतीक बनकर उभरी।
यह भी पढ़े -हर रोज संघर्ष, बिखरे पड़े हैं सपने फिर भी खड़े हैं महादेव, 101 साल की उम्र में है काम की तलाश
इस रथयात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में धम्म की शांतिपूर्ण विचारधारा का प्रसार करना, बौद्ध समाज में एकता को मजबूत करना और स्तूप दर्शन के आध्यात्मिक महत्व को उजागर करना था। यात्रा के समापन पर दीक्षाभूमि में सभी अनुयायियों ने एकत्र होकर भगवान बुद्ध को मानवंदना एवं अभिवादन किया। इस अवसर पर अश्विन गणवीर, नेहाल पाटील, अथांग कोरडे, राहुल डोंगरे, प्रवीण कांबले, अश्विन गजभिये सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, उपासक-उपासिकाएं और विदेशी भंते बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Created On :   27 April 2026 8:16 PM IST












